राज्य

गर्मी ने तोड़े सारे रिकार्ड, मार्च में पारा 42 पार

लखनऊ: पूरे यूपी समेत उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। मार्च में ही गर्मी मई-जून का अहसास करा रही है। राजधानी लखनऊ में पारे ने मार्च में गर्मी का पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया, वहीं आगरा 42.4 डिग्री तापमान के साथ मंगलवार को प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।

बीते दस साल में यह तीसरा मौका है जब मार्च में लखनऊ का पारा 40 डिग्री के पार हो गया। मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 30 मार्च 2017 को दर्ज 41.1 डिग्री सेल्सियस के बाद सर्वाधिक है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक एक सप्ताह के अंदर अधिकतम पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है और लू भी जल्द चल सकती है।

लखनऊ मौसम विभाग को मंगलवार को जिन 38 जिलों की रिपोर्ट मिली है उसके मुताबिक आगरा प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा। दिन का तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक है। दूसरे स्थान पर कानपुर एयरफोर्स स्टेशन का इलाका रहा। यहां पारा 41.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। झांसी में दूसरे दिन भी लगातार पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य व उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गर्म हवाएं चल रही हैं। अगले तीन दिनों तक इन राज्यों में रहने वाले लोगों को लू के थपेड़ों से राहत नहीं मिलने वाली है। ये गर्म हवाएं उत्तर-पश्चिम की ओर से चल रही हैं जो पाकिस्तान से होते हुए राजस्थान के रास्ते यूपी की ओर आ रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन से चार दिनों में पारा 40-42 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।

तीन कारणों से भीषण गर्मी

  1. इन दिनों गर्र्म पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जिसके चलते पूरा वातावरण खुश्क हुआ
  2. बीस दिनों से ज्यादा का समय हो गया और पूरे उत्तर व मध्य भारत में बारिश नहीं हुई
  3. इस बार मध्य मार्च में ही एक प्रति चक्रवाती संचरण बन गया था। जिसके चलते गर्मी में इजाफा

आमतौर पर मार्च में पश्चिमी विक्षोभों के चलते हल्की-फुल्की बारिश और तेज हवा के तीन-चार झोंके आते हैं। लेकिन, इस बार अगले दस दिनों तक ऐसी कोई संभावना नहीं है।

यूपी में सबसे गर्म जिले

आगरा 42.4

कानपुर 41.8

झांसी 41.6

प्रयागराज 41.2

वाराणसी 41.2

अलीगढ़ 40.4

रायबरेली 40.4

लखनऊ 40.4

सुलतानपुर 40.2

वाराणसी बीएचयू 40.2

(तापमान डिग्री सेल्सियस में)

Related Articles

Back to top button