देश में भीषण गर्मी का कहर, अगले 5 दिन तक लू का अलर्ट, कई राज्यों में पारा 45 डिग्री तक पहुंचने की चेतावनी जारी

नई दिल्ली: भारत के कई हिस्सों में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है और आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों में लू चलने की प्रबल संभावना है। इस दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
इन राज्यों में लू का सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल (गंगा के मैदानी क्षेत्र), झारखंड, बिहार, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 20 से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग दिनों में लू चलने की संभावना जताई गई है।
तटीय राज्यों में उमस भरी गर्मी की चेतावनी
आईएमडी ने यह भी बताया कि देश के तटीय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। 20 से 26 अप्रैल के दौरान पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में, 20 से 22 अप्रैल तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में, 20 से 24 अप्रैल के बीच केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में तथा 24 और 25 अप्रैल को गुजरात के तटीय क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी का असर देखने को मिलेगा।
रात का तापमान भी बढ़ने की आशंका
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि कुछ राज्यों में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। 20 और 21 अप्रैल को हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में, 20 अप्रैल को छत्तीसगढ़ में तथा 20 से 22 अप्रैल के बीच ओडिशा के कुछ इलाकों में रातें भी गर्म रहने का अनुमान है।
कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
भीषण गर्मी के बीच देश के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव की भी संभावना है। आईएमडी के अनुसार सोमवार को दक्षिण, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मध्यम से तेज गरज के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
राजस्थान में तापमान ने पार किया 40 डिग्री का आंकड़ा
राजस्थान में गर्मी का असर पहले ही तेज हो चुका है। कोटा में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बाड़मेर में 41.8 डिग्री और जैसलमेर में 41.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। बीकानेर, चूरू और श्रीगंगानगर में भी पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा, वहीं जयपुर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है।
अगले कुछ दिन बेहद सावधानी जरूरी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस अवधि में लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के सभी उपाय अपनाने की सलाह दी गई है, क्योंकि गर्मी का असर तेजी से बढ़ सकता है।



