दिल्लीराज्य

दिल्ली: तकिया काले खान की बाल्मीकि बस्ती में भीषण आग, कई झुग्गियां जलकर खाक; दमकल की 24 गाड़ियां मौके पर

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के तकिया काले खान इलाके में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित बाल्मीकि बस्ती की झुग्गियों में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे कई झुग्गियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

दमकल की 24 गाड़ियां मौके पर, आग पर पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 24 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह है कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने या जानमाल के बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।

11:22 बजे मिली आग की सूचना
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार आग की सूचना उन्हें रात 11 बजकर 22 मिनट पर मिली थी। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी मौके पर भेजा गया। लगातार प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

चश्मदीदों ने बताई भयावह रात की कहानी
प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद फैजान ने बताया कि आग अचानक लगी और कुछ ही मिनटों में लपटें तेज हो गईं। उनके मुताबिक आग इतनी तेज थी कि लोग अंदर नहीं जा पा रहे थे और लपटें बाहर तक आ रही थीं। उन्होंने बताया कि कई लोग अंदर फंसे हुए थे, जिन्हें किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला गया।

सिलेंडर फटने और बिजली के तारों से बढ़ी आग
चश्मदीदों के अनुसार आग के दौरान कुछ सिलेंडर भी फट गए, जिससे आग और ज्यादा फैल गई। इसके बाद बिजली के खंभों और तारों में भी आग लग गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों ने कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

लकड़ियों और झुग्गियों की वजह से फैली आग
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद यूसुफ ने बताया कि शुरुआत में आग छोटी लग रही थी, लेकिन झुग्गियों में रखी लकड़ियों और ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन हालात काबू से बाहर हो गए और दमकल टीम ने बाद में राहत पहुंचाई।

Related Articles

Back to top button