उत्तर प्रदेशराज्य

पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा पर आयकर विभाग ने कसा शिकंजा, जब्त की 35 करोड़ की संपत्ति

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (BSP) सरकार में कद्दावर मंत्री रहे बाबू सिंह कुशवाहा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। आयकर विभाग ने बाबू सिंह कुशवाहा की बेनामी संपत्तियों पर अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार 24 मार्च को आयकर विभाग ने अपनी कार्रवाई के दौरान बाबू सिंह कुशवाहा की करीब 35 करोड़ रुपए की 1.6670 हेक्टेर भूमि जब्त की है। यह कार्रवाई आयकर विभाग ने लखनऊ के बंथर के जुनाबगंज में की है। पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा की लखनऊ के बंथरा में बेनामी संपत्ति थी। इस बात की जानकारी आयकर विभाग को पिछले साल सितंबर महीने में हुई थी।

जब आयकर विभाग ने कानपुर के प्रॉपर्टी डीलव व पूर्व मंत्री के करीबी देशराज सिंह कुशवाहा के घर पर छापा मारा था। इस कार्रवाई में देशराज सिंह कुशवाहा के घर से कुछ दस्तावेज मिले थे, जिससे आयकर विभाग को बाबू कुशवाहा की बेनामी संपत्ति की जानकारी हुई। जिसके बाद शुक्रवार 24 मार्च को आयकर विभाग ने 35 करोड़ की अवैध जमीन पर जब्त करने की यह कार्रवाई की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस जमीन की खरीद-फरोख्त फर्जी तरीके से की गई थी। कागज में दिखावे मात्र के लिए चेक नंबरों का जिक्र किया गया था। यह संपत्ति पहले एक कंपनी के नाम थी जिसे बाद में बाबूसिंह कुशवाहा के करीबी देशराज को कागजों पर बेच दी गई। जबकि असल में संपत्ति पर कब्जा पूर्व मंत्री का ही था। बाबू सिंह कुशवाहा के खिलाफ आयकर विभाग लगातार ऑपरेशन चला रहा है।

Related Articles

Back to top button