बिहारराज्य

गया में दारोगा पुत्र हत्याकांड: दो आरोपियों का हाफ एनकाउंटर, पुलिस की गोली से दोनों घायल; हथियार बरामद

गया: बिहार के गया जी में दारोगा पुत्र रानू शेखर हत्याकांड में पुलिस ने शुक्रवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिछी गांव के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आरोपी श्याम बिहारी उर्फ गौरव और काला गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने उनके पास से हथियार भी बरामद किए हैं। दोनों घायलों को पुलिस की निगरानी में अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुठभेड़ में गौरव और काला घायल, पुलिस हिरासत में इलाज

पुलिस के मुताबिक, दारोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के बेटों पर गोलीबारी के मामले में दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही थी। शुक्रवार सुबह बिछी गांव के पास पुलिस की कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों घायल हो गए।

गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। पुलिस ने घायल आरोपियों के पास से हथियार बरामद करने की बात भी कही है। दोनों को पुलिस कस्टडी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में घायल आरोपी श्याम बिहारी के पिता और सेवानिवृत्त दारोगा नरेंद्र सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

19 अक्टूबर की रात दो भाइयों पर हुई थी गोलीबारी

यह वारदात 19 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे मानपुर की सिद्धार्थपुरी कॉलोनी में नौरंगा आहर के पास हुई थी। अपराधियों ने दारोगा पिंटू सिंह के दोनों बेटों को निशाना बनाया था।

गोलीबारी में 30 वर्षीय रानू शेखर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनके बड़े भाई 32 वर्षीय मोनू शेखर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मोनू का पटना में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दबाव था।

पुराने विवाद के चलते हत्या की साजिश का संदेह

प्रारंभिक जांच में पुराने विवाद से जुड़े मामले को लेकर दोनों भाइयों को कथित तौर पर साजिश के तहत बुलाए जाने की बात सामने आई थी। इस हत्याकांड में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गया पुलिस और एसटीएफ की टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं।

इस मामले में पहले ही दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब मुठभेड़ में घायल गौरव और काला से पूछताछ के बाद हत्या की साजिश और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका से जुड़े अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

पुलिस जांच में सामने आ सकते हैं कई अहम तथ्य

दारोगा पुत्र हत्याकांड में पुलिस अब तक हुई गिरफ्तारियों, बरामद हथियारों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस का प्रयास है कि वारदात के पीछे की वजह और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके। फिलहाल दोनों घायल आरोपियों का इलाज पुलिस निगरानी में चल रहा है।

Related Articles

Back to top button