उत्तर प्रदेश

बंद कमरे में प्रेमी-प्रेमिका को संदिग्ध हालात में लगी गोली, ऑनर किलिंग की आशंका

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में रविवार शाम एक मकान के अंदर प्रेमी युगल के गोली लगे शव बरामद हुए। प्रेमिका के सीने पर तो वहीं युवक की कनपटी पर गोली लगी थी। पुलिस का दावा है कि युवक ने ब्रेकअप के बाद युवती की हत्या कर सुसाइड किया है। ये मामला जानी थाना क्षेत्र के पेपला का है। 22 साल के शुभम का गांव की ही साक्षी के साथ प्रेम प्रसंग था। रविवार दोपहर युवती अपने घर में अकेली थी। अचानक गोली चलने की आवाज पर आसपास के लोग दौड़े। कमरे में साक्षी और शुभम लहूलुहान हालत में पड़े थे। शुभम की मौत हो चुकी थी, जबकि साक्षी को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। वारदात के बाद गांव में हॉरर किलिंग की चर्चा फैल गई।

आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण मौके पर दौड़े। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। युवक के परिजनों ने हॉरर किलिंग का आरोप लगाया है। पुलिस ने साक्षी के पिता नागेश्वर और भाई ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस ने बताया कि शुभम ने जिस युवक से तमंचा कारतूस खरीदे थे, उसकी पहचान हो गई है। शुभम ने अपने दोस्तों से भी हत्या करने की बात कही थी।

10 दिन पहले की कर चुका था मारने की प्लानिंग

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुभम करीब 10 दिन पहले ही प्रेमिका की हत्या की प्लानिंग कर चुका था। उसने अपने एक परिचित से तमंचा और कारतूस खरीदे थे। रविवार को अपने व्हाट्सएप स्टेट्स पर ब्रेकअप का फोटो भी लगाया था। ये भी खुलासा हुआ कि साक्षी के साथ किसी अन्य युवक ने अपने फोटो शुभम को दिखाए थे, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर दोनों में मतभेद था। वहीं, दूसरी ओर पुलिस और फारेंसिक टीम ने घटनास्थल पर मृतक शुभम की जेब से पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा शुभम ने जिस युवक से तमंचा और कारतूस खरीदे थे, उसका नाम सामने आ चुका है।

एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि पेपला गांव में प्रेमी युगल शुभम और साक्षी की लाश रविवार दोपहर करीब 3.30 बजे साक्षी के घर में मिली थी। दोनों को गोली लगी हुई थी। साक्षी को सीने पर और शुभम को बाईं कनपटी पर गोली लगी हुई थी। पुलिस टीम ने इस मामले में छानबीन शुरू की तो खुलासा हुआ कि करीब 10 दिन पहले गांव के ही एक अन्य युवक ने साक्षी के साथ अपना एक फोटो शुभम को दिखाया था। इसके बाद शुभम और साक्षी के बीच काफी विवाद हुआ था।

शुभम ने तभी गांव के ही एक युवक समीर से तमंचा और कारतूस खरीदे थे। इसके बाद शुभम ने रविवार को अपने दोस्तों के साथ शराब पी थी। इस दौरान शुभम ने अपने दोस्तों को बताया कि वह साक्षी को छोड़ेगा नहीं। इसके बाद दोपहर करीब 2.18 बजे शुभम ने साक्षी को कॉल किया और उसके पास मिलने के लिए गांव के बाहर वाले मकान पर गया। यहां पर करीब 3.30 बजे शुभम ने पहले साक्षी को गोली मारी और इसके बाद खुद सुसाइड किया। बताया कि शुभम की जेब से पांच जिंदा कारतूस भी मिले हैं। शुभम को तमंचा और कारतूस देने वाला समीर फरार है।

गोली चली दो, खोखा मिला एक

पुलिस तमाम दावे कर रही है कि शुभम ने ही प्रेमिका की हत्या करने के बाद खुद को गोली मारी है। हालांकि घटनास्थल पर पुलिस को एक ही कारतूस का खोखा मिला है। सवाल उठता है कि जब दो गोली चली तो एक खोखा क्यों मिला? इतना ही नहीं, दूसरा खोखा वहां से किसने गायब किया, ये पता नहीं चल सका है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि घटनास्थल से किसी ने छेड़छाड़ की थी, या फिर वहां वारदात को दूसरी दिशा दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button