
मुलायम के बेटे प्रतीक यादव का आज अंतिम संस्कार, PM रिपोर्ट में मौत की वजह का खुलासा
नई दिल्ली/लखनऊ: Mulayam Singh Yadav के छोटे बेटे Prateek Yadav का गुरुवार सुबह लखनऊ के बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में अंतिम संस्कार किया जाएगा। बुधवार को उनके आकस्मिक निधन की खबर सामने आने के बाद यादव परिवार, समाजवादी पार्टी समर्थकों और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रतीक यादव की पत्नी Aparna Yadav ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए अंतिम संस्कार की जानकारी दी और लोगों से गरिमामयी उपस्थिति की अपील की।
अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले थम गई सांसें
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह अचानक प्रतीक यादव की तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें तुरंत लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में समर्थक और परिचित अस्पताल पहुंच गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रतीक यादव की मौत की वजह ‘पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म’ बताई गई है। आसान भाषा में समझें तो उनके फेफड़ों की नस में खून का थक्का जम गया था, जिसकी वजह से दिल और फेफड़ों ने अचानक काम करना बंद कर दिया।
डॉक्टरों ने आगे की जांच के लिए विसरा और हार्ट के कुछ सैंपल सुरक्षित रखे हैं, ताकि किसी अन्य संभावित कारण या रासायनिक तत्व की संभावना को पूरी तरह खारिज किया जा सके।
शरीर पर मिले पुराने चोट के निशान
मेडिकल जांच के दौरान डॉक्टरों को शरीर पर कुछ पुराने चोट के निशान भी मिले। इसके अलावा बीमारी के कारण उनके बाएं पैर के अंगूठे का नाखून नीला पड़ा हुआ बताया गया है। फिलहाल विस्तृत फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
राजनीति से दूर, फिटनेस और बिजनेस में थी पहचान
प्रतीक यादव, Akhilesh Yadav के सौतेले भाई थे। वह मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के बेटे थे। हालांकि राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी और बिजनेस व फिटनेस की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई।
उनके निधन से उत्तर प्रदेश की राजनीति और यादव परिवार में शोक का माहौल है।



