करिअर

NMMS छात्रवृत्ति के आवेदन की बढ़ी तारीख, अब 30 सितंबर तक NSP पोर्टल पर कर सकेंगे अप्लाई; सत्यापन की भी तय हुई डेडलाइन

सासाराम: राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति योजना के प्रोजेक्ट वर्ष 2026-27 के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब पात्र छात्र 30 सितंबर तक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की समय सीमा बढ़ने से अब तक आवेदन नहीं कर सके छात्रों को राहत मिलेगी। आवेदन सत्यापन की प्रक्रिया भी निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेगी।

राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद की ओर से इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा को पत्र भेजा गया है। इसमें बताया गया है कि एनएमएमएस छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर तक बढ़ाई गई है। वहीं त्रुटिपूर्ण आवेदनों की जांच 15 अक्टूबर तक की जाएगी।

संस्थान स्तर पर 15 अक्टूबर तक होगा सत्यापन

संस्थान स्तर पर आवेदन सत्यापन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर रखी गई है, जबकि जिला नोडल अधिकारी स्तर पर सत्यापन की प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी।

प्रोजेक्ट वर्ष 2026-27 की राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल लाभार्थियों को नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर पंजीकरण कर छात्रवृत्ति के लिए समय पर नया ऑनलाइन आवेदन करना होगा। वहीं वर्ष 2023, 2024 और 2025 की परीक्षा में सफल एवं पात्र छात्र-छात्राओं को वर्ष 2026-27 की छात्रवृत्ति के लिए अपने आवेदन का ऑनलाइन नवीनीकरण करना होगा।

कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को मिलेगा लाभ

11 मार्च 2026 को आयोजित राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल छात्र-छात्राएं शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं की छात्रवृत्ति के लिए एनएसपी पर नया पंजीकरण कराने के बाद ऑनलाइन आवेदन करेंगे।

वहीं 2025 की परीक्षा में सफल छात्र कक्षा 10वीं, 2024 की परीक्षा में सफल छात्र कक्षा 11वीं और 2023 की परीक्षा में सफल छात्र कक्षा 12वीं की छात्रवृत्ति के लिए एनएसपी पर आवेदन का नवीनीकरण करेंगे।

वर्ष 2026-27 के लिए एनएसपी पर आवेदन जमा करने के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन जरूरी है। 18 वर्ष से अधिक आयु वाले छात्रों के लिए आधार कार्ड भी अनिवार्य किया गया है।

समय सीमा बढ़ने से वंचित छात्रों को मिलेगा मौका

माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता के डीपीओ जय कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति के आवेदन की समय सीमा बढ़ाई गई है। अब छात्र 30 सितंबर तक एनएसपी पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि समय सीमा बढ़ाए जाने से अब तक आवेदन से वंचित छात्रों को इसका लाभ मिलेगा।

449 छात्रों ने नवीनीकरण के लिए किया आवेदन

जानकारी के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2023, 2024 और 2025 में सफल 449 छात्र अब तक एनएसपी पोर्टल पर छात्रवृत्ति नवीनीकरण के लिए आवेदन कर चुके हैं। कुल 484 छात्रों को नवीनीकरण के लिए आवेदन करना है। इनमें से 346 आवेदनों का सत्यापन हो चुका है।

वहीं शैक्षणिक सत्र 2025-26 में सफल और प्रोजेक्ट सत्र 2026-27 के लिए 155 छात्रों के आवेदन एनएसपी पोर्टल पर प्राप्त हुए हैं। इनमें 119 आवेदनों का सत्यापन किया जा चुका है। बाकी प्राप्त आवेदनों का संस्थान और जिला स्तर पर सत्यापन किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button