राष्ट्रीय

इंडिया गठबंधन में ‘फूट’ पर सियासी बयानबाजी जारी, बोले राहुल गांधी- अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर पहुंचे। यहां पीएम ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि हमारा लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उधर, बंगाल में टीएमसी के अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद से सियासत गरमाई हुई है। टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पर इसका ठीकरा फोड़ा है। वहीं, कांग्रेस की भारत जोड़ो न्‍याय यात्रा आज बंगाल पहुंची। जहां राहुल गांधी ने आरएसएस और भाजपा को जमकर घेरा।

बंगाल में मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी के अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद से ही सियासत गरमाई हुई है। अब इस कड़ी में टीएमसी नेता डेरेक ओ ब्रायन ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी पर इसका ठीकरा फोड़ा है। टीएमसी नेता डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि इंडिया गठबंधन के दो मुख्य विरोधी हैं बीजेपी और अधीर रंजन चौधरी। वह बीजेपी की भाषा बोलते हैं। गठबंधन के बंगाल में काम नहीं करने के तीन कारण: अधीर चौधरी, अधीर चौधरी, और अधीर चौधरी हैं।

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्‍याय यात्रा गुरुवार को पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर गई। इस दौरान कूचबिहार में मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। राहुल ने कहा कि भाजपा और आरएसएस नफरत को बढ़ाने का काम कर रही है। इसलिए इस यात्रा में न्‍याय शब्‍द जोड़ा गया है। क्‍योंकि, पूरे देश में अन्‍याय हिंसा का माहौल बना हुआ है। इंडिया गठबंधन पूरे देश में अन्याय के खिलाफ लड़ेगी।

Related Articles

Back to top button