टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

19 बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किये गए

नई दिल्ली (विवेक ओझा): राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने नयी दिल्ली में आयोजित एक समारोह में 19 बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किये हैं। बहादुरी, विज्ञान और प्रौद्योगिकी और नवाचार की श्रेणियों में प्रत्येक में श्रेणी में एक, समाज सेवा की श्रेणी में चार, खेल की श्रेणी में बच्चों और कला एवं संस्कृति की श्रेणी में सात बच्चों को पुरस्कार मिले।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि आजकल बच्चे तकनीक-कुशल हैं। वे अपनी शिक्षा के लिये प्रौद्योगिकी का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन तकनीक का प्राय: दुरुपयोग भी होता है। डीप फेक, वित्तीय धोखाधड़ी, बच्चों का शोषण जैसे कई अपराध तकनीक के जरिये किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया किसी भी मुद्दे पर अपने विचार व्यक्त करने और लोगों के बीच जागरूकता फैलाने का एक सशक्त माध्यम है, लेकिन इसका दुरुपयोग अफवाहें फैलाने में भी किया जा रहा है। उन्होंने बच्चों को सतर्क रहने और गलत कामों से दूर रहने की सलाह दी, क्योंकि एक गलत कदम उनके भविष्य को खतरे में डाल सकता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि बच्चे और युवा हमारे देश के भविष्य के अगुआ हैं। उन्हें आधुनिक शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं जीवन मूल्यों से अवगत कराना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने अयोध्या में प्रभु श्री राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का जिक्र करते हुये कहा कि इस अवसर पर हमें भगवान राम के आदर्शों और रामायण में वर्णित जीवन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेना चाहिये।

Related Articles

Back to top button