पंजाबराज्य

लुधियाना में सड़क हादसा, दो मजदूरों की मौत व तीन गंभीर

लुधियाना। लुधियाना में मजदूरों को नाइट शिफ्ट के लिए फैक्ट्री ले जा रही खराब खड़ी बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडेड ट्रक ट्राला ने अपनी चपेट में ले लिया। ढंंडारी पुल पर वो ट्राला उस बस को 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया। मगर उनकी हालत को देखते हुए उन्हें निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान आत्मा राम तथा गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई। जबकि घायल हुए मजदूर कुलवंत सिंह , जगदेव सिंह व जसविंदर सिंह हैं। घटना वीरवार रात की है। जीटी रोड स्थित रालसन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की बस मजदूरों को लेकर फैक्ट्री जा रही थी। उसमें सवार सभी लोग फैक्ट्री में हेल्पर का काम करते हैं। जैसे ही वो बस ढंडारी पुल पर चढ़ी, उसके पीछे एक तरफ के दोनों टायर खुल गए और बस एक तरफ को झुक कर रुक गई।

बस का ड्राइवर व कंडक्टर अभी दूर लुड़के पड़े टायरों को उठा कर लाने का इंतजाम कर ही रहे थे कि उसी समय पीछे से एक तेज रफ्तार ट्राला आ गया। जो जाेरदार टक्कर मारने के बाद बस को घसीटते हुए ले गया। मौके पर जमा हुए लोगाें ने बस में घायल हुए लोगों को बाहर निकाल कर 108 एंबूलेंस से अस्पताल भेजा। सूचना मिलने पर थाना साहनेवाल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कंगनवाल चौकी इंचार्ज हरमेश सिंह ने कहा कि शवों के पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराए जाएंगे। ट्राला ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button