तमिलनाडु में शराब खरीदने के नियम बदले, 1 नवंबर से 1,000 रुपये से ज्यादा की खरीद पर डिजिटल पेमेंट अनिवार्य

चेन्नई ( दस्तक डेस्क ) : तमिलनाडु में शराब खरीदने वालों के लिए अब नया नियम लागू होने जा रहा है। तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टासमैक) ने खुदरा दुकानों पर 1,000 रुपये से अधिक की शराब खरीद के लिए डिजिटल भुगतान अनिवार्य कर दिया है। यह नया नियम एक नवंबर से लागू होगा। इसके तहत ग्राहक यूपीआई, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर सकेंगे। हालांकि, 1,000 रुपये तक की खरीदारी के लिए नकद और डिजिटल, दोनों माध्यमों से भुगतान का विकल्प उपलब्ध रहेगा।
राज्य में फिलहाल शराब की 4,048 खुदरा दुकानें संचालित हैं। अधिकारी ने कहा कि यूपीआई, डेबिट और क्रेडिट कार्ड से भुगतान की सुविधा पहले से उपलब्ध है, लेकिन अधिकांश लेनदेन अब भी नकद में होते हैं।
रोजाना बड़ी मात्रा में कैश संभालने से दुकानों के कर्मचारियों को कई तरह की परिचालन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इनमें कैश ले जाने के दौरान सुरक्षा जोखिम, हिसाब-किताब में अंतर और जाली नोटों का खतरा शामिल है।” राज्य प्रशासन को अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) से ज्यादा कीमत वसूलने की शिकायतें बार-बार मिली हैं। इस दृष्टि से डिजिटल भुगतान व्यवस्था लागू होने से प्रत्येक लेनदेन का समय और राशि दर्ज होगी, जिससे अधिक कीमत वसूलने पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।



