टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

दिल्ली से रवाना हुईं सोनिया गांधी, राजस्थान राज्यसभा के लिए आज भरेंगी नामांकन

नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी राज्यसभा चुनाव में राजस्थान से पार्टी की उम्मीदवार होंगी और वह आज यानी बुधवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी बुधवार को जयपुर में नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रह सकते हैं। कांग्रेस राज्यसभा चुनाव के लिए बहुत जल्द अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी।

नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तिथि 15 फरवरी है। सोनिया गांधी 1999 से लगातार लोकसभा सदस्य हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। वह अमेठी से भी लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं। यह पहली बार होगा कि वह संसद के उच्च सदन में जाएंगी। वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद राज्यसभा में प्रवेश करने वाली गांधी परिवार की दूसरी सदस्य होंगी। इंदिरा गांधी अगस्त, 1964 से फरवरी 1967 तक उच्च सदन की सदस्य थीं। राज्यसभा जाने की स्थिति में इस बात की प्रबल संभावना है कि सोनिया गांधी आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ें। पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए औपचारिक रूप से किसी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

सोनिया गांधी ने 2019 में घोषणा की थी कि यह उनका आखिरी लोकसभा चुनाव होगा। अटकलें लगाई जा रही हैं कि सोनिया गांधी के इस बार चुनाव नहीं लड़ने की स्थिति में उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाद्रा रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकती हैं। कांग्रेस कर्नाटक, तेलंगाना, राजस्थान, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की सीट जीतने की स्थिति में है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का राजस्थान से राज्यसभा का कार्यकाल इस साल अप्रैल में समाप्त हो रहा है। केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव का कार्यकाल भी अप्रैल में पूरा हो रहा है। हाल में उच्च सदन से इस्तीफा देने वाले किरोड़ी लाल मीणा का कार्यकाल भी अप्रैल में समाप्त होगा।

भाजपा ने पहले ही राज्यसभा चुनाव के लिए राजस्थान से मदन राठौड़ और चुन्नीलाल गरासिया को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी नेतृत्व से राज्य से राज्यसभा सीट के लिए सोनिया गांधी को नामित करने का आग्रह किया था। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की शुरुआत आठ फरवरी से हो चुकी है। नामांकन पत्रों की जांच 16 फरवरी को होगी, जबकि उम्मीदवार 20 फरवरी तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। यदि आवश्यक हुआ तो 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना होगी।

Related Articles

Back to top button