टॉप न्यूज़स्पोर्ट्स

Tokyo Paralampics: सुमित ने भाला फेंक में जीता गोल्ड मेडल, फाइनल में तीन बार तोड़ा अपना ही विश्व रिकॉर्ड

टोक्यो: टोक्यो पैरालंपिक का छठा दिन भी भारत के लिए बेहद शानदार रहा. सोमवार को भारत के खाते में दूसरा स्वर्ण पदक भी आ गया। इस बार भारत के पैरा एथलीट सुमित अंतिल ने भाला फेंक में अपना जलवा बिखेरा। सुमित ने एफ-64 स्पर्धा के फाइनल में तीन बार विश्व रिकॉर्ड तोड़े। उन्होंने अपने पांच प्रयास में तीन बार खुद के ही विश्व रिकॉर्ड को ध्वस्त किया और अंत में गोल्ड मेडल पर भी कब्जा जमाया।

सुमित ने पहले प्रयास में 66.95 मीटर तक भाला फेंका और अपना 2019 में दुबई में बनाया गया 62.88 मीटर का विश्व रिकॉर्ड रिकॉर्ड तोड़ा। इसके बाद सुमित ने दूसरे प्रयास में एक और नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। इस बार उन्होंने 68.08 मीटर तक भाला फेंका। हालांकि तीसरे प्रयास में उन्होंने 65.27 मीटर तक ही भाला फेंका। इसके बाद चौथे प्रयास में उन्होंने 66.71 मीटर की दूरी तय की। पांचवें प्रयास में सुमित ने एक बार फिर से अपनी ताकत से दुनिया को रूबरू कराया और इस बार एक और नया विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए 68.55 मीटर दूर तक भाले को फेंक दिया।

सुमित पूरे मुकाबले में हमेशा शीर्ष पर रहे और उनके आसपास भी कोई अन्य खिलाड़ी नहीं पहुंच पाया। सुमित ने नए विश्व रिकॉर्ड के साथ ही टोक्यो पैरालंपिक का गोल्ड मेडल भी अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत की झोली में दो स्वर्ण के साथ कुल सात पदक हो गए।

Related Articles

Back to top button