
बालोतरा: राजस्थान के बालोतरा जिले में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पचपदरा थाना क्षेत्र में पाटोदी कस्बे के पास रोडवेज बस और कार के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के चार सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
काम पर जाते समय हुआ हादसा
मृतकों की पहचान कोडूका गांव निवासी उदाराम (39), रेखाराम (35), जोगाराम (31) और विशनाराम (29) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार चारों भाई मकान निर्माण का कार्य करते थे और रोजाना अलग-अलग स्थानों पर काम करने जाते थे। मंगलवार को सभी को एक ही जगह काम पर जाना था, इसलिए वे कार से कालेवा गांव के लिए निकले थे। इसी दौरान पाटोदी गांव के निकट सामने से आ रही जोधपुर की ओर जा रही रोडवेज बस से उनकी कार की सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि कार के उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर बेहद जोरदार थी। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों भाई अंदर ही फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
शवों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया
सूचना मिलते ही पचपदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने लगाया जाम, कार्रवाई की मांग
हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने पाटोदी रोड पर जाम लगाकर रोडवेज बस चालक के खिलाफ कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जा रहा है कि मृतकों के परिवार में वृद्ध माता-पिता, तीन भाइयों की पत्नियां और छोटे-छोटे बच्चे हैं। जोगाराम अविवाहित थे। एक ही परिवार के चार बेटों की एक साथ मौत से कोडूका गांव समेत पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



