उत्तर प्रदेशराज्य

UP-झारखंड में लू की चेतावनी, 3 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट; IMD ने दी ये सलाह

उत्तर प्रदेश : मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और सिक्किम में लू चलने की चेतावनी जारी की है। बिहार, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है और यहां के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। हालांकि, मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में कहा कि मंगलवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग का यह अलर्ट महाराष्ट्र सरकार के एक कार्यक्रम में कई घंटे खुले में बैठने के दौरान 13 लोगों की मौत के बाद आया है। मौसम विभाग ने गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीने, ओआरएस और अन्य पेय पदार्थों के इस्तेमाल के उपायों की सिफारिश की है।

मौसम विभाग के महानिदेशक एम महापात्र ने कहा, जब हवाएं पूर्वी दिशा से या बंगाल की खाड़ी की दिशा से चलती हैं तो कई बार बादल छा जाते हैं, जो पूर्वी राज्यों में तापमान को कम कर देते हैं पर उत्तर-पश्चिम से गर्म, शुष्क हवाएं पूर्वी भारत में चल रही हैं। इसलिए, पूर्वी राज्यों के लोगों को पर्याप्त रूप से गर्मी से बचाव के उपाय करने की जरूरत है। महापात्र ने कहा, उत्तर प्रदेश या उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य भागों में भले ही अधिकतम तापमान एक समान सीमा में हो, पर तटीय राज्यों में उत्तरी राज्यों की तुलना में आर्द्रता अपेक्षाकृत अधिक है। यही कारण है कि हम इस मौसम से आद्रता के लिए भी पूर्वानुमान जारी कर रहे हैं।

देश में सोमवार को सबसे गर्म तेलंगाना का जयशंकर भूपालपल्ली जिला रहा, जहां तापमान 44.6 डिग्री दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में 43.4 डिग्री सेल्सियस और बिहार के सपौल में 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यूपी में प्रयागराज, झांसी, कानपुर और आगरा, बिहार में पटना और पूर्वी चंपारण और पंजाब के बठिंडा में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

स्काईमेट वेदर में जलवायु और मौसम विज्ञान के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा, पूर्वी भारत में तापमान बहुत अधिक है लेकिन जून और जुलाई की तुलना में आर्द्रता अभी भी अपेक्षाकृत कम है। अभी भी सापेक्ष आर्द्रता का स्तर जो हम देख रहे हैं, वह भी तेज गर्मी का कारण बन सकता है। उदाहरण के लिए सुबह 8.30 बजे आसनसोल में अधिकतम तापमान 47 फीसदी की सापेक्ष आर्द्रता के साथ 43 डिग्री सेल्सियस था, अंगुल ने सुबह 8.30 बजे 74 फीसदी सापेक्ष आर्द्रता के साथ 43.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया और बोलांगीर में 78 फीसदी सापेक्ष आर्द्रता के साथ 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

कोलकाता में सुबह 8.30 बजे 52 फीसदी सापेक्ष आर्द्रता के साथ अधिकतम 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। पलावत ने कहा, ये उच्च आर्द्रता के स्तर हैं लेकिन अधिकतम तापमान दर्ज किए जाने पर ये कम हो जाते हैं इसलिए वे अभी भी सहने योग्य हैं। यहां तक ​​कि सिक्किम जैसे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी लू की स्थिति दर्ज की गई।

Related Articles

Back to top button