उत्तर प्रदेशराज्य

UP : सीएम चेहरे पर केशव मौर्य का बड़ा बयान, बोले- ‘योगी जी और हमारे बीच कोई दीवार नहीं’, 2027 को लेकर साफ किया रुख

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने हालिया बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच किसी तरह की दूरी या दीवार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी नेतृत्व जो जिम्मेदारी देगा, उसे वह पूरी निष्ठा से निभाएंगे और फिलहाल प्रदेश में भाजपा योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही 2027 का चुनाव लड़ेगी।

सीएम पद पर बोले केशव मौर्य
मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा तय करना संगठन और पार्टी नेतृत्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने उनके और योगी आदित्यनाथ के बीच दीवार खड़ी करने की कोशिश की, लेकिन दोनों मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक कोई नया निर्णय नहीं होता, तब तक मौजूदा नेतृत्व ही कायम रहेगा और 2027 का विधानसभा चुनाव उसी नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
केशव मौर्य ने कहा कि पार्टी की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, वह उसे पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। उनके इस बयान को मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का सत्ता में आना उत्तर प्रदेश में तबाही को न्योता देने जैसा होगा। विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह चुनाव जरूर लड़ेंगे और पार्टी संगठन जहां से तय करेगा, वहीं से मैदान में उतरेंगे।
सीट को लेकर पूछे गए सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि फिलहाल वह खुद को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों का प्रत्याशी मानते हैं।

पहले सीएम बनने की इच्छा पर दिया था बयान
इससे पहले एक साक्षात्कार में केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री बनने की अपनी महत्वाकांक्षा स्वीकार की थी। उन्होंने कहा था कि उनके मन में भी मुख्यमंत्री बनने की इच्छा है, लेकिन केवल उनके चाहने से यह फैसला नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री के चयन में पार्टी नेतृत्व और विधायक दल की भूमिका होती है।
उन्होंने यह भी कहा था कि भाजपा का पहला लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करना है। उनके मुताबिक पार्टी ने 2017 और 2022 में बहुमत हासिल किया था और अब 2027 में भी इसी लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।

कार्यकर्ताओं को 2027 के लिए जुटने का संदेश
प्रयागराज में पार्टी कार्यकर्ताओं और महानगर के सभी 15 मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक में केशव प्रसाद मौर्य ने चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी मेहनत और लगन के साथ काम करने तथा विपक्ष के कथित मंसूबों को सफल नहीं होने देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास जनता को भ्रमित करने के अलावा कोई ठोस मुद्दा नहीं है। बैठक में उन्होंने 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा पखवाड़े का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा जयंती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है और इसी दिन से सेवा पखवाड़े का अभियान शुरू किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button