Lucknow News लखनऊPolitical News - राजनीतिState News- राज्यअजब-गजबउत्तर प्रदेश

भाजपा-कांग्रेस से ऊबी जनता चाहती है तीसरा विकल्प : मुलायम

iiiलखनऊ (दस्तक ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक आते देख सपा के खिलाफ  साजिशें रची जा रही हैं। कार्यकर्ताओं को इनसे सतर्क रहकर अपनी पार्टी प्रत्याशियों को मजबूती से जिताना है। सोमवार को राज्य मुख्यालय (लखनऊ) में सपा की उत्तर प्रदेश इकाई की राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि सपा के खिलाफ साजिशों से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सावधान रहकर सांप्रदायिक और विघटनकारी ताकतों को कामयाब नहीं होने देना है।
उन्होंने कहा कि एकजुट होकर पार्टी उम्मीदवारों को संसद पहुंचाना होगा, क्योंकि केंद्र में जो सरकार बनेगी उसमें सपा की केंद्रीय भूमिका होगी और तभी समाजवादी पार्टी की नीतियां केंद्र में लागू की जा सकेंगी। सपा प्रमुख ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस की नीतियां एक जैसी हैं- गरीब विरोधी और पूंजीपरस्त। जनता इन्हें नकारने का मन बना चुकी है। कांग्रेस-भाजपा को बहुमत नहीं मिलने वाला है। जनता अब इनसे ऊबकर तीसरा विकल्प चाहती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता लोकसभा चुनावों को गंभीरता से लें। समाजवादी पार्टी सरकार ने विकास के जो काम किए हैं उन्हें जन-जन तक पहुंचाएं।यादव ने कहा कि आज के हालात में लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कांग्रेस बदलाव नहीं चाहती है। उसके जनविरोधी कामों और घोटालों से उसका फिर सरकार में आना संभव नहीं है। कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा कि लोकसभा चुनाव का इससे अच्छा मौका नहीं मिलेगा। प्रदेश में अस्थिरता पैदा करने वालों की चुनौती स्वीकार कर हमें समाजवादी पार्टी को लोकसभा की ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत दिलाने के लिए कमर कसनी होगी।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में आजमगढ़ में 29 अक्टूबर को प्रस्तावित समाजवादी पार्टी की रैली पर चर्चा हुई। बैठक में कहा गया कि इस रैली में ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटानी होगी  क्योंकि इसकी तुलना कानपुर में हुई भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की रैली से होगी। इसी रैली से मुलायम सपा के लोकसभा चुनाव प्रचार के अभियान की शुरुआत करेंगे।

Related Articles

Back to top button