अपराधउत्तर प्रदेशराज्य

मेरठ नर्स हत्याकांड में बड़ा खुलासा: शव गोद में लेकर स्कूटी पर निकला आरोपी, सड़क पर घिसटते रहे पैर; मुख्य आरोपी सूफियान गिरफ्तार

मेरठ: चर्चित अंजलि शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी सूफियान को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल कॉलेज में संविदा नर्स के पद पर कार्यरत अंजलि की हत्या के बाद शव को इमरजेंसी वार्ड के बाहर छोड़ने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। अब पुलिस जांच और CCTV फुटेज से मामले में कई सनसनीखेज खुलासे सामने आए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 21 मई को अंजलि शर्मा को बहाने से लोहियानगर स्थित किराये के कमरे पर बुलाया गया था। आरोप है कि शादी को लेकर हुए विवाद के बाद सूफियान ने अपनी बहन साजिदा के साथ मिलकर रस्सी से गला घोंटकर अंजलि की हत्या कर दी। वारदात को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने शव को अस्पताल पहुंचाकर सामान्य मौत या आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

ई-रिक्शा में शव रखकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे आरोपी

जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ई-रिक्शा में रखा और मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि पूरी साजिश बेहद सुनियोजित तरीके से रची गई थी, ताकि हत्या का शक सीधे तौर पर आरोपियों तक न पहुंचे।

मामले में मेडिकल कॉलेज के वार्ड बॉय जबर सिंह की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि उसने शव को अस्पताल तक पहुंचाने और सबूत मिटाने में आरोपियों की मदद की। पुलिस पहले ही साजिदा और जबर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब मुख्य आरोपी सूफियान को भी अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

CCTV फुटेज ने खोले कई राज

इस हत्याकांड से जुड़ा CCTV वीडियो सामने आने के बाद मामला और ज्यादा सनसनीखेज हो गया है। मृतका के परिजनों द्वारा पुलिस को सौंपे गए फुटेज में दिखाई दे रहा है कि सूफियान अंजलि के शव को गोद में उठाकर घर से बाहर लाता है, जबकि उसकी बहन साजिदा स्कूटी लेकर बाहर खड़ी रहती है।

वीडियो में दोनों शव को स्कूटी पर लेकर जाते दिखाई देते हैं। इस दौरान अंजलि के पैर सड़क पर घिसटते नजर आते हैं। फुटेज में कुछ राहगीर अनजाने में मदद करते हुए शव के पैर स्कूटी के अंदर करते दिखाई देते हैं। यह दृश्य देखने के बाद इलाके में भारी आक्रोश है।

रहस्यमयी युवती की तलाश में जुटी पुलिस

परिजनों ने पुलिस को एक और CCTV फुटेज सौंपा है, जो कथित तौर पर हत्या के करीब 45 मिनट बाद का बताया जा रहा है। इस वीडियो में सूफियान एक अज्ञात युवती के साथ दोबारा घर पहुंचता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि दोनों ने घर के अंदर मौजूद अहम सबूत मिटाने की कोशिश की और बाद में वहां से फरार हो गए।

पुलिस अब उस रहस्यमयी युवती की पहचान में जुटी हुई है। जांच एजेंसियां फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही हैं।

गले पर मिले थे चोट के निशान

अंजलि शर्मा जागृति विहार की रहने वाली थी और 21 मई को घर से ड्यूटी के लिए निकली थी, लेकिन अस्पताल नहीं पहुंची। बाद में वह मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में बेहोशी की हालत में मिली, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान उसके गले पर चोट के निशान पाए गए थे।

CCTV जांच में हेलमेट पहने एक युवती शव छोड़कर भागती दिखाई दी थी, जिसकी पहचान बाद में साजिदा के रूप में हुई।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक की जांच में धर्मांतरण से जुड़ा कोई पहलू सामने नहीं आया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे निजी संबंध और शादी को लेकर विवाद मुख्य वजह के तौर पर सामने आया है।

Related Articles

Back to top button