केरल का खूबसूरत हिल डेस्टिनेशन थेक्कडी बना प्रकृति प्रेमियों की पहली पसंद, मसालों की खुशबू और ट्री हाउस रिसॉर्ट्स खींच रहे पर्यटकों को अपनी ओर

केरल अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, हरियाली और वन्य संपदा के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। यहां की नदियां, घने जंगल, मसालों के बागान और शांत वातावरण हर साल बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। अगर शहरों की भागदौड़ और शोर-शराबे से दूर सुकून भरे पल बिताने की तलाश है, तो केरल का थेक्कडी शहर आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है।
थेक्कडी को ज्यादातर लोग पेरियार टाइगर रिजर्व के कारण जानते हैं, लेकिन यह जगह सिर्फ वन्यजीव अभयारण्य तक सीमित नहीं है। यहां प्राकृतिक सौंदर्य, दुर्लभ जीव-जंतु, मसालों की खेती और ट्री हाउस रिसॉर्ट्स पर्यटकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
क्यों खास है थेक्कडी?
दक्षिण भारत के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल थेक्कडी अपनी समृद्ध जैव विविधता और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों के लिए प्रसिद्ध है। पेरियार टाइगर रिजर्व के नाम से पहचान रखने वाला यह इलाका कई दुर्लभ वन्य जीवों और पक्षियों का सुरक्षित ठिकाना माना जाता है।
घने जंगलों के बीच बहने वाली पंबा और पेरियार नदियां यहां की वनस्पतियों और जीव-जंतुओं के संरक्षण में अहम भूमिका निभाती हैं। यही वजह है कि यहां हाथियों के अलावा शेर की पूंछ वाला मकाक, सांभर हिरण, तेंदुआ, जंगली सूअर और कई दुर्लभ पक्षी प्रजातियां देखने को मिलती हैं।
थेक्कडी में मालाबार ग्रे हॉर्नबिल, व्हाइट-बेलिड ब्लू फ्लाईकैचर, सनबर्ड, ग्रेट हॉर्नबिल, ब्लैक-नेकेड स्टॉर्क और नीलगिरी वुड पिजन जैसे पक्षी भी पाए जाते हैं, जो प्रकृति और बर्ड वॉचिंग के शौकीनों के लिए इसे बेहद खास बनाते हैं।
दालचीनी, वेनिला और जायफल की खुशबू से महकता है शहर
थेक्कडी मसालों की खेती के लिए भी काफी प्रसिद्ध है। यहां बड़े पैमाने पर इलायची, दालचीनी, काली मिर्च, सौंफ, लौंग, वेनिला और जायफल की खेती की जाती है। यही वजह है कि यहां आने वाले पर्यटक मसालों की ताजा खुशबू और उनसे तैयार स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए खास तौर पर पहुंचते हैं।
इसके अलावा थेक्कडी के ट्री हाउस रिसॉर्ट्स भी पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। जंगलों और हरियाली के बीच बने ये रिसॉर्ट्स लोगों को प्रकृति के बेहद करीब रहने का अनोखा अनुभव देते हैं।
नई दिल्ली से ऐसे पहुंच सकते हैं थेक्कडी
नई दिल्ली से थेक्कडी के लिए फिलहाल सीधी परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं है। यहां पहुंचने के लिए यात्रियों को अलग-अलग माध्यमों का इस्तेमाल करना पड़ता है।
सबसे किफायती विकल्प के तौर पर यात्री पहले ट्रेन से चेन्नई सेंट्रल पहुंच सकते हैं और वहां से बस के जरिए थेक्कडी जा सकते हैं। इस पूरे सफर में करीब 61 घंटे 30 मिनट का समय लगता है।
इसके अलावा हवाई यात्रा करने वाले लोग मदुरै एयरपोर्ट तक फ्लाइट ले सकते हैं। मदुरै से थेक्कडी तक कैब के जरिए पहुंचा जा सकता है, जिसमें करीब 6 घंटे का समय लगता है।



