महाराष्ट्रराज्य

महाराष्ट्र में FDA का बड़ा छापा, पतंजलि गाय के घी समेत 9 करोड़ का सामान जब्त; 16 गिरफ्तार

मुंबई: महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट के खिलाफ फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। दिवाली से पहले विभाग ने पतंजलि आयुर्वेद के एक बड़े वितरक समेत कम से कम 19 कारोबारियों और संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। छापेमारी के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। विभाग ने 114 ठिकानों से करीब 9 करोड़ रुपये की खाद्य सामग्री जब्त की है। इस कार्रवाई में 16 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

FDA की ओर से जारी बयान के मुताबिक, जब्त की गई खाद्य सामग्री का कुल वजन करीब 3.53 लाख किलोग्राम है। इसमें 2,279 किलोग्राम पतंजलि गाय का घी भी शामिल है, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।

पतंजलि घी की ब्रांडिंग में गड़बड़ी का आरोप

छत्रपति संभाजीनगर में एम/एस दिव्या महावितरक नाम के वितरक के प्रतिष्ठान से पतंजलि घी जब्त किया गया। आरोप है कि यहां घी की गलत ब्रांडिंग और मिलावट की जा रही थी। आशंका जताई गई कि दूसरे मिलावटी घी को पतंजलि के नाम से बेचा जा रहा था।

विभाग के अनुसार, संबंधित प्रतिष्ठान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन नहीं कर रहा था। इसी आधार पर वहां कार्रवाई की गई और घी को जब्त किया गया।

19 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, कई जगहों पर मिली गंदगी

FDA ने बताया कि मुंबई, अमरावती और छत्रपति संभाजीनगर में कम से कम 19 प्रतिष्ठानों को बंद कराया गया है। इनमें स्वीटमीट एंड स्पाइसी कंपनी भी शामिल है। खाद्य पदार्थों की स्वच्छता से समझौता किए जाने के आरोप में यह कार्रवाई की गई।

विभाग के मुताबिक, नमकीन बनाने वाली एक फैक्ट्री में काफी गंदगी मिली और खाद्य सामग्री को भी अनुचित तरीके से रखा जा रहा था। इसके अलावा भिवंडी के एक सुपरमार्केट से 1.44 लाख किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया गया। ठाणे में मिलावटी दालें और अनाज भी पकड़े गए।

पुणे में 80 लाख की प्रतिबंधित सामग्री बरामद

पुणे डिवीजन में स्वाति ऑयल मिल्स के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यहां 17 ठिकानों से करीब 80 लाख रुपये की प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई। इस पूरे अभियान के दौरान कम से कम 13 एफआईआर दर्ज की गईं और 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही छह वाहनों को भी जब्त किया गया है।

नासिक में ढाबों और होटलों की जांच

FDA की टीम ने नासिक में 34 ढाबों, होटलों और रेस्तरां की जांच की। निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर कई होटल संचालकों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए।

गौरतलब है कि आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे की अगुआई में पिछले कुछ महीनों के दौरान FDA ने खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में कई बड़े ऑनलाइन बिक्री मंचों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। ताजा अभियान को भी मिलावट और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी के तहत की गई बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button