
रांची: झारखंड की राजधानी रांची से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नरकोपी थाना क्षेत्र के बोबरो गांव में एक पिता ने अपने ही 17 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बेटे ने पिता को रात में घर से बाहर जाने से रोका था, जिससे वह नाराज हो गया। गुस्से में उसने सोते समय बेटे के सिर पर कुदाल से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी पिता देवनाथ उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान नीतेश उरांव के रूप में हुई है।
सोते समय बेटे के सिर पर कुदाल से किया हमला
नरकोपी थाना प्रभारी शैलेंद्र टुडू के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि सोमवार रात देवनाथ उरांव घर से बाहर जाना चाहता था। उसके बेटे नीतेश ने उसे रोकने के लिए घर का दरवाजा बंद कर दिया था। इस बात को लेकर पिता नाराज हो गया और उसने बेटे पर हमला कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रात में दरवाजा बंद करने के बाद नीतेश सुबह करीब 4 बजे सो गया था। इसी दौरान पिता ने बिस्तर पर सो रहे बेटे के सिर पर कुदाल से कई वार किए। हमले में नीतेश की मौके पर ही मौत हो गई। मां जब तक घटनास्थल पर पहुंची, तब तक बेटे की जान जा चुकी थी।
आरोपी पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी देवनाथ उरांव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। वह लगातार घर से बाहर भागने की कोशिश करता था। इसी वजह से बेटे ने रात में दरवाजा बंद कर दिया था, ताकि वह बाहर न जा सके।
घटना के बाद आरोपी घर से बाहर निकला और आसपास के लोगों को खुद बताया कि उसने अपने बेटे की हत्या कर दी है। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार किया जब्त
घटना की सूचना मिलते ही नरकोपी थाना प्रभारी शैलेंद्र टुडू और एएसआई शिव कुमार सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी देवनाथ उरांव को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल कुदाल भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच जारी है।
नौवीं कक्षा में पढ़ता था मृतक नीतेश
जानकारी के मुताबिक, 17 वर्षीय नीतेश नरकोपी के मॉडर्न पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था। बेटे की हत्या के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से बोबरो गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।



