टॉप न्यूज़फीचर्डराष्ट्रीय

अंडमान के पास पकड़ी गयी एक संदिग्ध नौका, 6 लोग गिरफ्तार, नौसेना अलर्ट

भारतीय तटरक्षक बल ने अंडमान द्वीप के पास संदिग्ध गतिविधि कर रही म्यांमार की एक नौका को पकड़ा है। इस नौका पर सवार छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। खुफिया एजेंसियां पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही हैं। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को तटरक्षक बल ने लिटिल अंडमान द्वीप के पास एक बोट को संदिग्ध गतिविधि करते हुए देखा। जिसके बाद से हरकत में आई तटरक्षक बल की आईसीजी अरुणा आसफ अली पोत ने इस नौका को पकड़ लिया। इसमें सवार छह लोगों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया।

रविवार को संदिग्ध नौका को इसमें सवार लोगों के साथ पोर्ट ब्लेयर लाया गया है। जहां इनसे आगे की पूछताछ की जाएगी।

अंडमान- निकोबार के पास विदेशी पोतों के आवागमन से नौसेना अलर्ट
भारतीय नौसेना सामरिक रूप से महत्वपूर्ण अंडमान-निकोबार द्वीप के पास विदेशी नौकाओं की संदिग्ध गतिविधियों के बढ़ने से अलर्ट हो गई है। नौसेना की कई पेट्रोलिंग बोट ने इलाके में गश्त तेज कर दी है। बता दें कि कुछ दिनों पहले ही नौसेना ने चीन के एक अनुसंधान पोत शी यान 1 को संदिग्ध गतिविधियां करते हुए देखने के बाद खदेड़ दिया था।

बता दें कि भारतीय नौसेना मलेशिया के पास स्थित मलक्का जलडमरूमध्य से हिंद महासागर क्षेत्र में प्रवेश करने वाले सभी चीनी जहाजों पर निरंतर निगरानी रखती है। कुछ दिनों पहले ही नौसेना के खोजी विमान पी8आई ने चीनी नौसेना के सात युद्धपोतों का पता लगाया था जो हिंद महासागर क्षेत्र में सक्रिय थे।

हिंद महासागर क्षेत्र में युद्धपोतों और परमाणु शक्ति युक्त पनडु्ब्बियों के गश्त को लेकर चीन बार-बार यह दलील देता है कि ये समुद्री लुटेरों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई बल का हिस्सा हैं। कभी-कभी ये जहाज भारतीय जलक्षेत्र में भी प्रवेश कर जाते हैं। लेकिन जानकारों के अनुसार, समुद्री लुटेरों के खिलाफ कभी भी पनडुब्बियां कार्रवाई नहीं करती हैं। जो चीन की चालाकियों को दर्शाता है।

Related Articles

Back to top button