उत्तर प्रदेश

अपनी पार्टी की चिंता करें अखिलेश: सुरेश खन्ना

बरेली: प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने भाजपा पर हमलावर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए कहा है कि हार से हताश अखिलेश को अपनी पार्टी की चिन्ता करनी चाहिये। यहां पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश द्वारा भाजपा की आलोचना किये जाने के बारे में पूछे जाने पर श्री खन्ना ने कहा कि भाजपा काम तथा लोकतंत्र में विश्वास रखती है और यह संगठन से चलती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ गलत प्रचार कर सियासी फायदा लेना चाहते हैं। उनके पास और कोई काम नहीं है। अखिलेश को वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में 224 सीटें विरासत में मिली थीं, उन्हें भी वह संभाल नहीं पाए और पिछले चुनाव में महज 47 सीटों पर ही आ टिके। जनता ने जो आइना उन्हें दिखाया है, उससे वह सीख लें।

ज्ञातव्य है कि अखिलेश इन दिनों अपने विभिन्न कार्यक््मों में किसानों की कर्जमाफी तथा कानून-व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदेश की योगी सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। इसके लिये वह सोशल मीडिया पर भी खासे सक्रिय हैं। श्री खन्ना ने कहा कि सपा तथा बसपा के कुल चार विधान परिषद सदस्यों को भाजपा द्वारा दबाव डालकर शामिल करने के विपक्ष के आरोपों पर कहा कि वे नेता उन दलों में घुटन महसूस कर रहे थे। अब वह स्वेच्छा से भाजपा में आये हैं। मालूम हो कि सपा के विधान परिषद सदस्य बुक्कल नवाब, यशवंत सिंह और सरोजिनी अग्रवाल तथा बसपा सदस्य ठाकुर जयवीर सिंह हाल में भाजपा में शामिल हो गये थे। श्री खन्ना ने कहा कि जब तक पूरे देश में भाजपा की राज्य सरकारें नहीं बनती, तब तक चैन की सांस नहीं लेंगे।

Related Articles

Back to top button