दिल्लीराष्ट्रीय

आज से दो दिन के दौरे पर अमित शाह, चुनावी रणनीति बनाने पर करेंगे चर्चा

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष अमित शाह आज यानी रविवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर जाएंगे। जानकारी के मुताबिक वो दोपहर लगभग 1.15 पर दिल्ली से भोपाल पहुंचेंगे। जिसके बाद वो होशंगाबाद में पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। राज्य में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के लिहाज से अमित शाह का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार अपने इस दो दिवसीय दौरे में अमित शाह अलग-अलग जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा चुनावी रणनीति बनाने को लेकर वरिष्ठ नेताओं से भी चर्चा करेंगे। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद राकेश सिंह ने शनिवार को बताया कि शाह 14 अक्टूबर को अपराह्र दिल्ली से भोपाल पहुंचेगे। वह हेलीकॉप्टर से भोपाल से होशंगाबाद के लिए रवाना होंगे और वहां शाम करीब चार बजे गुप्ता ग्राउण्ड में भोपाल और होशंगाबाद के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद अमित शाह भोपाल लौट जाएंगे। उन्होंने बताया कि शाह 15 अक्टूबर को खजुराहो पहुंचेंगे। शाह खजुराहो से हेलीकॉप्टर द्वारा 1बीटीआई ग्राउंड, सतना पहुंचकर कमल शक्ति संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद बीजेपी अध्यक्ष दोपहर में सतना से हेलीकॉप्टर द्वारा एसएएफ ग्राउंड, रीवा पहुंचकर कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। फिर वे रीवा से उत्कृष्ट विद्यालय ग्राउंड, डिंडौरी जाएंगे और जनजातीय सम्मेलन में शामिल होंगे। शाह डिंडौरी से जबलपुर जाएंगे जहां वह वेटनरी कालेज ग्राउंड, सिविल लाइन में जबलपुर संभाग के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे। मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को मतदान होना है। ऐसे में अब सभी राजनीतिक दल समय को बर्बाद न कर ज्यादा से ज्यादा इलाकों में जन सभा कर लोगों को लुभाने में लगे हैं।

Related Articles

Back to top button