अन्तर्राष्ट्रीय

इंडोनेशिया: प्लास्टिक के खिलाफ अभियान, 3 बोतल देकर खरीद सकते हैं बस टिकट

इस वक्त पूरी दुनिया प्लास्टिक प्रदूषण से परेशान है। जो ना केवल प्रकृति की खूबसूरती को खत्म कर रहा है बल्कि कई जीवों की जान भी ले रहा है। अब इंडोनेशिया के शहर सुरबाया में इस प्रदूषण को खत्म करने के लिए एक अनोखी पहल शुरू की गई है। यहां एक व्यस्त बस टर्मिनल पर दर्जनों लोग प्लास्टिक की बोतलों और डिस्पोजेबल कप लेकर लाइन में खड़े रहते हैं। इस प्लास्टिक के कचरे को देकर ये लोग बस की टिकट खरीदते हैं। ऐसा इंडोनेशिया में प्लास्टिक कचरे को कम करने के लिए हो रहा है। साथ ही प्लास्टिक के कचरे को समुद्र में जाने से रोकने के लिए भी काम किया जा रहा है। बता दें इंडोनेशिया समुद्र को प्रदूषित करने के मामले में चीन के बाद दूसरे नंबर पर आता है। अब इंडोनेशिया ने इस समस्या को खत्म करने के लिए तय किया है कि वह साल 2025 तक समुद्र में फेंके जाने वाले अपने प्लास्टिक कचरे को करीब 70 फीसदी तक कम कर लेगा।

क्या-क्या कदम उठाए जा रहे हैं
इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए इंडोनेशिया में प्लास्टिक वेस्ट की रीसाइक्लिंग करना, लोगों में जागरूकता बढ़ाना और प्लास्टिक के उपयोग पर अंकुश लगाने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि ये पहल अब काम कर रही है। हर हफ्ते मुफ्त यात्रा के लिए करीब 16 हजार यात्री प्लास्टिक का कचरा देकर बस की टिकट खरीद रहे हैं।

क्या कहते हैं अधिकारी?
अधिकारियों का कहना है कि बस की एक घंटे तक सवारी करने के लिए तीन बड़ी बोतलें, पांच मध्यम बोतलें या दस प्लास्टिक कप दिए जा सकते हैं। लेकिन ये सब साफ होना चाहिए और टूटा-फूटा नहीं होना चाहिए। इस एक घंटे की बस यात्रा में असीमित बस स्टॉप भी आते हैं।

Related Articles

Back to top button