फीचर्डराष्ट्रीय

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, यातायात पर पड़ा असर

cold north india_1नई दिल्ली। उत्तर भारत में शुक्रवार को भी कड़ाके की सर्दी पड़ी, जिसके चलते हरियाणा में पारा काफी नीचे लुढ़क गया और राज्य में दो व्यक्तियों की ठंड से मौत हो गई। घने कोहरे से सड़क एवं रेल यातायात पर बहुत बुरा असर पड़ा। देश के उत्तरी भागों में घने कोहरे के चलते करीब 100 ट्रेनें या तो रद्द कर दी गयीं या विलंब से चल रही हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सुबह गजब की ठंड थी। न्यूनतम तापमान इस सीजन के औसत से दो डिग्री कम 6.3 डिग्री सेल्सियस था, जबकि अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में कहीं मध्यम तो कहीं घना कोहरे होने के कारण रेल एवं सड़क यातायात अवरुद्ध रहा। आठ ट्रेनें रद्द कर दी गईं जबकि 79 विलंब से चल रही हैं। कई ट्रेनों का समय बदलना पड़ा। उत्तर प्रदेश में भी भयंकर जाड़ा और घना कोहरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार वाराणसी, फैजाबाद, कानपुर, लखनउ, मुरादाबाद और आगरा संभागों में रात का तापमान काफी नीचे चला गया। राज्य में आगरा 3.3 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा।
पंजाब और हरियाणा में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है जहां अधिकतर स्थानों पर पारा लुढ़क गया। अंबाला में दो अज्ञात भिखारियों के ठंड से मर जाने की आशंका है। पुलिस ने शव बरामद कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पंजाब एवं हरियाणा में आज तड़के घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण इन राज्यों में पिछले कई दिन से सड़क, रेल और विमान यातायात प्रभावित है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में 5.9 डिग्री और करनाल में छह डिग्री तक पारा लुढ़का। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री रहा। राजस्थान के भी कई हिस्सों में भयंकर सर्दी पड़ रही है। राज्य में कोहरे के चलते चार ट्रेनें रद्द कर दी गईं जबकि 15 से अधिक ट्रेनें देर से चल रही हैं। पिलानी में 1.3 डिग्री, चुरू में 1.5 डिग्री और जयपुर में 5.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। एजेंसी

Related Articles

Back to top button