राष्ट्रीय

उपचुनावों के लिए भाजपा के उम्मीदवार घोषित        

bjp 1नई दिल्ली। भाजपा ने बडोदरा लोकसभा सीट के लिए यहां की उपमहापौर रंजन बेन भट्टा को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। यह सीट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खाली की है। भाजपा ने मणिनगर विधानसभा सीट के लिए स्थानीय नगर निकाय के कारपोरेटर सुरेश पटेल को अपना उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है। गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर मोदी ने मणिनगर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था। ऐसी अटकलें लगायी जा रही थी कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को इस सीट से उतारा जायेगा लेकिन पार्टी की जिम्मेदारियों को देखते हुए शाह ने चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय किया। भाजपा ने उत्तर प्रदेश की मैनपुरी सीट के लिए स्थानीय नेता प्रेम सिंह शाक्य को उम्मीदवार घोषित किया है। मैनपुरी सीट सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने खाली की है। भाजपा ने असम, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान, सिक्किम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में 33 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की। इन सीटों पर उपचुनाव 13 सितंबर को होंगे और चुनाव परिणाम 16 सितंबर को घोषित किये जायेंगे। नामांकन पत्र भरने की आखिरी तिथि 27 अगस्त है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 11 सीटें खाली हैं, वहीं गुजरात में नौ, राजस्थान में चार, असम में तीन, पश्चिम बंगाल में दो तथा छत्तीसगढ़, सिक्किम, त्रिपुरा और आंध्र प्रदेश में एक-एक सीट खाली है। इसी समय आंध्र प्रदेश के मेडक, गुजरात के वडोदरा और उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीटों के लिए भी उपचुनाव होने हैं। भाजपा उपचुनाव में लखनऊ पूर्व विधानसभा सीट से वरिष्ठ नेता लालजी टंडल के पुत्र गोपाल टंडन को उतार रही है। भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश की 10 सीटों, गुजरात की 9 सीटों और असम एवं राजस्थान की तीन-तीन एवं पश्चिम बंगाल की दो, छत्तीसगढ़, सिक्किम एवं त्रिपुरा की एक-एक सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम को अंतिम रूप दे दिया है।

Related Articles

Back to top button