उत्तर प्रदेशराष्ट्रीय

उप्र : बलखड़िया गैंग ने गोलीबारी कर दहशत फैलाई

19 dakaitचित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद में इनामी बलखड़िया गैंग के बदमाशों ने भरतकूप इलाके में गोलीबारी कर दहशत फैला दी। पुलिस ने जब बदमाशों की घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर भी गोलीबारी कर दी। भागते हुए बदमाशों की स्कार्पियों गाड़ी भी पलट गई। बताया जाता है कि मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली भी लगी है। पुलिस की विशेष टीम बदमाशों की तलाश कर रही है। बताया जाता है कि भरतकूप में खोही से मड़फा तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसका ठेका दिल्ली की एक कंपनी के पास है। सड़क निर्माण में लगे कर्मियों के अनुसार छह लाख के इनामी बदमाश बलखड़िया ने ठेकेदार से वसूली की मांग की थी लेकिन ठेकेदार ने नहीं दिया। वसूली न मिलने से खफा चार डकैत शनिवार शाम चार बजे ही काली स्कार्पियों से आए। उस समय हरिहरपुर के पास जेसीबी से काम हो रहा था। डकैतों ने जेसीबी के अगले टायर  शीशे में गोली मारी। इसके बाद ट्रक में गोली मारी। कई राउंड फायर करने के बाद डकैत भरतकूप मंदिर गए। वहां उन्होंने तीन-चार फायर किया। इसके बाद डकैत भरखौल रोड पर पूरे रास्ते फायरिंग करते रहे। इसी बीच सूचना मिलने पर चौकी के दो दरोगा और दो सिपाही मौके पर आ गए। उधर  डकैत भरखौल से वापस आ रहे थे तभी उसका पुलिस से सामना हो गया। डकैतों ने पुलिस की गाड़ी पर गोली चलाई और स्कार्पियो मोड़कर भागने का प्रयास किया  लेकिन उनकी गाड़ी पलट गई। इसके बाद सभी डकैत पैदल ही पहाड़ की तरफ भाग निकले। बताया जाता है कि पुलिस की फायरिंग में दो बदमाशों को भी गोली लगी है। पुलिस को एक राइफल भी मिली है। पुलिस की विशेष टीम बदमाशों की तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button