राज्यराष्ट्रीय

एक ही रात में दो लोगों की हत्या

murder logoमदनापुर/शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र में बीती देर शाम कुछ ही घंटों में एक दो युवकों की हत्या कर दी गई। ढिपिया गांव में शादी के डेढ़ महीने बाद ही पत्नी ने पति का कत्ल करा दिया। वहीं दमगढ़ा गांव में शराब के नशे में दोस्त ने ही दोस्त को सरिया से पीटकर मार डाला। दोनों मामलों में नामजद एफआइआर दर्ज हुई है। थाना मदनापुर के ग्राम नहरोसा निवासी कृष्णपाल सिंह के 18 वर्षीय बेटे पवन की शादी इसी साल 21 जून को मदनापुर थाना क्षेत्र के ही ग्राम ढुकरी खुर्द गांव निवासी रामध्रुव सिंह की बेटी रेखा के साथ हुई थी। रेखा की उम्र 29 साल है। उम्र में काफी अंतर होने के बाद भी परिवार वालों ने उनकी शादी कर दी थी। शादी की पहली विदा में ही रेखा की ससुराल वालों से अनबन हो गई थी। रेखा का भाई सोने सिंह उसे विदा करा लाया था। इसके बाद से रेखा ससुराल नहीं गई थी। पवन के परिवार वाले भी उसे विदा कराना नहीं चाहते थे। पवन के पिता कृष्णपाल सिंह के अनुसार रेखा कई दिन से फोन करके पवन को बुला रही थी। उसके मना करने के बावजूद बीती शाम पवन बाइक लेकर ससुराल के लिए निकल गया। शाम करीब सात बजे वह जैसे ही ग्राम ढिपिया और अपनी ससुराल ढुकरी खुर्द के बीच पहुंचा, कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और सिर में गोलियां मारकर भेजा उड़ा दिया। देर रात इसकी सूचना परिजनों को मिल पाई। इस घटना से कोहराम मच गया। पिता कृष्णपाल की तहरीर पर पुलिस ने पवन की पत्नी रेखा, ससुर रामध्रुव सिंह व साले सोने सिंह के अलावा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पिता ने आरोप लगाया कि रेखा का चालचलन ठीक नहीं था। उधर मदनापुर थाना क्षेत्र के ही ग्राम दमगढ़ा में चित्तर के 35 वर्षीय पुत्र राजेंद्र कश्यप की उसके दोस्त सरनू ने सरियों से पीटकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने राजेंद्र के बड़े भाई कड्डेलाल की तहरीर पर सरनू व उसके भाई श्रीराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

Related Articles

Back to top button