राज्यराष्ट्रीय

किसानों को बारिश ने रुलाया, बिजली-पानी ने सबको सताया

rainमेरठ: बीते रविवार से हो रही बारिश से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। तेज हवाओं के चलने से कई जगहों पर बिजली के तार टूट गए। मोहनपुरी में बिजली पोल उखड़ जाने से आपूर्ति में बाधा पड़ गई है। इसकी वजह से पीने के पानी मिलने में भी दिक्कत भी आ रही है। शहर के निचले इलाकों में जलभराव होने की वजह से कई सड़कें खराब हो गई हैं। राहगीरों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश की वजह से किसानों की फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। सबसे ज्यादा समस्या पुराने शहर में देखने को मिल रही है। दिल्ली रोड, बागपत रोड, मेट्रो प्लाजा,मलियाना, टीपीनगर जैसे कई इलाकों में पानी भर गया है। इनमें से कुछ जगह पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। जगह-जगह हुए जलभराव ने नगर निगम के उन दावों की पोल खोल दी है, जिसमें यह कहा जाता रहा है कि शहर में सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है।

बारिश के साथ ओले गिरने से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। तेज हवा ने गेंहू की फसल गिरा दी है। सरसों और दलहनी फसलों को भी हानि हुई है। मेरठ में करीब 80 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेंहू की फसल खड़ी है। किसानों का कहना है कि बारिश और तेज हवा से करीब 15 फीसदी फसल खराब हो चुकी है। वहीं सरसों की फसल को 20 फीसदी का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। बारिश के बाद तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग के समन्वयक अशोक कुमार के मुताबिक अभी पश्चिमी बाधा बनी हुई है। इसकी वजह से आने वाले कुछ और दिन बारिश होने की उम्मीद है। सोमवार सुबह भी शहर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई है। वहीं पिछले 24 घंटे में चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी में बारिश का आंकड़ा 37.9 मिमी. दर्ज किया गया है।

Related Articles

Back to top button