फीचर्डराष्ट्रीय

केरल के कुछ इलाकों में आज हो सकती है ताबड़तोड़ बारिश, समुद्र में ना जाने की सलाह…

केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक देने के एक दिन बाद कई भागों में रविवार को बारिश हुई है। अब भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने तटीय इलाकों में खराब मौसम और तेज बारिश की आशंका के चलते 13 जून तक मछुआरों को समुद्र में ना जाने की सलाह दी है। मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन में कहा गया है कि निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पूर्व अरब सागर और उससे सटे लक्षद्वीप क्षेत्र और पूर्व-मध्य अरब सागर पर चक्रवात के प्रभाव में बना हुआ है। जिसके चलते 12 जून को उत्तरी मलप्पुरम और कोझीकोड में कुछ स्थानों पर भारी से भारी बारिश होने की आशंका है।

सामान्य से एक हफ्ते देरी से केरल में शनिवार को मानसून ने दस्तक दी थी। जिससे देश में मानसून की शुरुआत हुई है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) का कहना है कि जिला कलेक्टर ने उन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने को कहा है, जहां बीते साल मानसून में भूस्खलन हुआ था।

केएसडीएमए के मेंबर सेक्रेटरी सेकर कुरिआकोसे का कहना है कि आईएमडी की जानकारी को ध्यान में रखते हुए खराब मौसम का सामना करने की व्यवस्था कर ली गई है। जिला कलेक्टरों की ओर से मानसून की तैयारी से संबंधित हैंडबुक दी गईं हैं, जो ऑरेंज पुस्तक का हिस्सा है।

ऐसा पहली बार है जब इस तरह की हैंडबुक तैयार की गई है, जिसमें 30 विभिन्न विभागों की जानकारी दी गई है। हैंडबुक में इन विभागों के कार्यों के बारे में बताया गया है। बीते साल मानसून में केरल ने 100 साल की सबसे बड़ी बाढ़ का सामना किया था। जिसमें करीब 400 लोगों की मौत हुई थी और संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचा था।

Related Articles

Back to top button