बिहारराज्य

गंगा में कर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसा, 11 लोग डूबे; 1 की मौत और 6 लापता

पटना: बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में कर्मा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान गंगा नदी में अलग-अलग जगहों पर हादसे हो गए। बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों में मूर्ति विसर्जन के दौरान भाई-बहन समेत कुल 11 लोगों के डूबने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक युवक का शव बरामद किया गया है। 6 लोगों की तलाश अभी जारी है। स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम को भी रेस्क्यू अभियान के लिए सूचना दी गई है।

बाढ़ में मूर्ति विसर्जन के बाद स्नान के दौरान दो युवक डूबे

बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर कर्मा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जित करने पहुंचे तीन युवक गंगा में डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने एक युवक को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन दो युवक नदी में डूब गए। उनकी पहचान गुलाबबाग नया टोला निवासी पीयूष कुमार (10), पिता प्रेम पंडित और सुजीत कुमार (15), पिता बबलू चौधरी के रूप में हुई है।

पीयूष की मां पूजा देवी ने बताया कि उन्होंने बेटे को मूर्ति विसर्जन के लिए भेजा था। उसके पिता भी बाद में गंगा घाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीयूष का एक दोस्त भी मूर्ति विसर्जन के लिए घाट पर पहुंच गया।

मूर्ति विसर्जन के बाद दोस्त ने पीयूष समेत अन्य युवकों से गंगा में स्नान करने के लिए कहा। सभी एक साथ नदी में उतर गए। इसी दौरान तीन युवक डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने एक युवक को बचा लिया, लेकिन पीयूष और सुजीत नदी में डूब गए।

बाढ़ की अंचलाधिकारी रानी कुमारी के मुताबिक, दो युवकों के गंगा में डूबने की सूचना है। घटनास्थल पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। एसडीआरएफ को सूचना देने के साथ स्थानीय गोताखोरों की मदद से भी दोनों की तलाश की जा रही है।

अथमलगोला में भाई-बहन गंगा में डूबे

अथमलगोला थाना क्षेत्र के उस्मानपुर वार्ड नंबर-9 में भी कर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान भाई-बहन गंगा में डूब गए। दोनों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

अथमलगोला थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई है। दोनों की तलाश जारी है।

बख्तियारपुर में छह युवक डूबे, तीन को बचाया गया

बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के पास भी कर्मा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसा हुआ। यहां विसर्जन के लिए गंगा में गए छह युवक डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने इनमें से तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तीन नदी में डूब गए।

बाद में एक युवक का शव बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान देदौर गांव के बबलू बगीचा निवासी साहिल कुमार के रूप में हुई है। वह रामेश्वर मोची का पुत्र था। वहीं, लापता दो युवकों की पहचान गोलू कुमार, पिता अनिल कुमार और बलवीर कुमार, पिता निर्मल मोची के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बलवीर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष विनोद कुमार के अनुसार, छह युवक मूर्ति विसर्जन के लिए गंगा में गए थे। इनमें से एक का शव बरामद हो चुका है, जबकि दो की तलाश जारी है। घटना की जानकारी अंचलाधिकारी को दे दी गई है और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। स्थानीय गोताखोर भी नदी में रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं।

Related Articles

Back to top button