International News - अन्तर्राष्ट्रीयफीचर्ड

चीन में तूफान से लाखों लोग प्रभावित

strom (550 x 350)बीजिंग (ईएमएस) चीन के पूर्वी फुजियान प्रांत में आज तड़के फिटाउ तूफान आया जिसकी वजह से 151 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तूफान से बचने के लिए 5 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। चीन के मौसम केंद्र के अनुसार, इस साल चीन में यह 23वां तूफान है। फुजियान प्रांत के फुडिंग शहर के शेचेंग में आया यह तूफान उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है लेकिन अब यह कमजोर भी पड़ गया है। फिटाउ के मद्देनजर रविवार को सर्वोच्च चेतावनी के तौर पर रेड अलर्ट जारी किया गया था। फुजियान के बाढ़ नियंत्रण अधिकारियों ने फुझोउ और सैनिंमग सहित कुछ शहरों में 200 मिमी से अधिक बारिश होने की आशंका जताई है। तूफान के कारण रविवार रात से झेजियांग प्रांत के तैशुन, गनन, वेनचेंग, पिनयांग और डोंगतोउ काउंटी में बिजली नहीं है। तैशुन काउंटी के आपात कार्यालय के निदेशक माओ पैंगुई के हवाले से शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने खबर दी है कि तेज बारिश हो रही है और बिजली नहीं है। वेनझोउ के बाढ़ नियंत्रण मुख्यालय के अनुसार, वैंगनन और नन्जी आइसलैंड शहरों में हवाओं की गति 201 किमी प्रति घंटा थी। वहां ओले भी गिरे। कुछ मकान भी ध्वस्त हो गए हैं। झेजियांग प्रांत के बाढ़ नियंत्रण एवं सूखा राहत मुख्यालय के अनुसार, करीब 5.74 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है और 35,795 नौकाएं मदद के लिए तट पर तैयार हैं। फुजियान में 1,77,000 लोगों को अन्यत्र ले जाया गया है और मछुआरों की 30,000 नौकाओं को वापस बुला लिया गया है। तूफान की वजह से झेजियांग, फुजियान और जियांग्शी के कई शहरों में बुलेट ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं। झेजियांग प्रांत के प्रमुख वेनझोउ हवाई अड्डे पर रविवार को 27 उड़ानें रद्द की गर्इं। इनमें से कुछ उड़ानें बीजिंग, गुआंगझोउ, शंघाई और कुनिंमग के लिए थीं। शंघाई और वेनझोउ के बीच कोच सेवाएं भी रोक दी गई हैं। फुजियान और झेजियांग में नौवहन अधिकारियों ने तटीय हिस्से में बने मनोरंजन केंद्रों और अन्य सुविधाओं को बंद कर दिया है।

Related Articles

Back to top button