BREAKING NEWSCrime News - अपराधNational News - राष्ट्रीयState News- राज्यउत्तर प्रदेशदिल्ली

जज की पत्नी की मौत, धर्म परिवर्तन पर गनर से होती थी बहस

 
नई दिल्ली : गुरुग्राम में शनिवार दोपहर अतिरिक्त जिला एवं सत्र जज कृष्णकांत की पत्नी और बेटे को उनके ही सुरक्षा गार्ड ने बाजार के बीच गोलियों से छलनी कर दिया| वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान जज की पत्नी रितु की मौत हो गई| वहीं, जज का बेटा ध्रुव जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है| पुलिस ने सुरक्षा गार्ड महिपाल को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है|मामले के गंभीरता से लेते हुए हरियाणा पुलिस ने जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है| डीसीपी सुलोचना गजराज के नेतृत्व में बनी इस SIT में डीसीपी, 2 एसीपी, और 4 इंस्पेक्टर शामिल हैं| यह घटना शनिवार दोपहर करीब 3.30 बजे की है| जज के परिवार की सुरक्षा में तैनात गार्ड महिपाल यादव के साथ उनकी पत्नी रितु और बेटे ध्रुव खरीदारी के लिए गुरुग्राम के सेक्टर-51 स्थित आर्केडिया मार्केट आए थे| मार्केट के बीच कार रोककर जैसे ही मां-बेटे बाहर निकले महिपाल ने उन पर गोली चला दी| जानकारी के मुताबिक महिपाल ने रितु के सीने में दो गोलियां मारी और बेटे ध्रुव के माथे पर भी दो गोली मारी| इस दौरान महिपाल ने मौके पर मौजूद लोगों से कहा कि कोई भी बीच में नहीं आएगा, ये शैतान (बेटा ध्रुव) है और ये उसकी मां (रितु)| इसके बाद महिपाल ने दोनों को कार में डालने की कोशिश की लेकिन इसमें असफल रहने पर वो वहां से फरार हो गया| महिपाल इसके बाद सदर थाने पहुंचा, जहां पर उसने फायरिंग की. इसके बाद वहां से भी भाग निकला| पुलिस ने नाकेबंदी कर गुड़गांव-फरीदाबाद रोड पर ग्वाल पहाड़ी के पास उसे पकड़ लिया| पुलिस पूछताछ में महिपाल ने बताया कि उसने मां-बेटे को गोली मारने के बाद जज और अपनी मां को फोन किया था और वारदात की जानकारी दी थी| इधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया था, जिसके बाद हालत ज्यादा बिगड़ने पर दोनों को मेदांता रेफर कर दिया गया| देर रात इलाज के दौरान जज की पत्नी रितु की मौत हो गई| हालांकि, महिपाल ने ऐसा क्यों किया, यह साफ नहीं हो पाया है| गुड़गांव के कमिश्नर ने बताया कि पूछताछ में महिपाल झल्लाकर बात करता है और सही जवाब नहीं दे रहा है| मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 40 वर्षीय महिपाल यादव डेढ़ साल से जज कृष्णकांत की सुरक्षा में तैनात था| करीब 8 महीने पहले ही उसने हिन्दू धर्म को त्याग कर क्रिश्चियन धर्म अपनाया था| बताया जा रहा है कि धार्मिक बातों पर जज की पत्नी के साथ उसकी बहस होती थी| पुलिस हिरासत में भी महिपाल कह रहा था कि धर्म परिवर्तन को लेकर जज की पत्नी उसे परेशान करती थी

Related Articles

Back to top button