फीचर्डराज्यराष्ट्रीय

जनता को ठगने के लिए महागठबंधन – रामविलास

ramvilas_paswanकैमूर। बिहार के मोहनिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को स्थानीय दुर्गा पड़ाव मैदान में केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जनता को ठगने के लिए महागठबंधन बना है। लालू प्रसाद व नीतीश कुमार एक्सपायरी दवा हैं। जिसे खाने से मर्ज बढ़ेगा। जनता उन्हें रिजेक्ट कर चुकी है। सभा के दौरान लालू प्रसाद और नीतीश कुमार पर केन्द्रीय मंत्री ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद उन्हें मौसम वैज्ञानिक कहते हैं। वे कौन वैज्ञानिक हैं, जो बार-बार जेल जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव में सोनिया गांधी व राहुल गांधी ने उन्हें यह कहकर की लालू प्रसाद जेल गये थे, इसलिए उनकी पार्टी के साथ मंच साझा नहीं किया। लालू प्रसाद का एक हाथ सामने वाले के पैर पर होता है तो दूसरा हाथ उसकी गर्दन पर। जरूरत पड़ी तो पांव पकड़ लिया। मतलब निकल गया तो गर्दन मरोड़ने में भी देर नहीं है। श्री पासवान ने कहा कि महागठबंधन रीढ़ विहीन है। कभी लालू प्रसाद को जनता के बीच बुरा भला कहने वाले नीतीश कुमार सत्ता बचाने के लिए उन्हीं से समझौता कर लिये। लालू व नीतीश को इज्जत के साथ राजनीति से सन्यास ले लेना चाहिए। केन्द्रीय राज्य मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा है कि समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचे। लेकिन बिहार सरकार इसमें बाधक बन रही है। स्वाधीनता दिवस के मौके पर लाल किला पर ध्वजारोहण के बाद प्रधानमंत्री के संबोधन में गांव में रहने वाले व्यक्ति की चिंता साफ झलक रही थी। देश के हर घर में शुद्ध पेयजल, पक्का मकान एवं शौचालय की व्यवस्था को लेकर केन्द्र सरकार की योजना बन रही है। इसे साकार करना है। राज्य सरकार की उदासीनता से केन्द्र प्रायोजित योजनाएं धरातल पर आकार नहीं ले पा रही हैं। जनता को इस पर विचार करना होगा। मनरेगा में मजदूरी करने वालों को समय से पैसा नहीं मिल रहा है। केन्द्र सरकार ने यह फैसला किया है कि मनरेगा मजदूरों को 15 दिन के अंदर मजदूरी का भुगतान किया जायेगा। सूद की राशि दोषी अधिकारी व कर्मचारी के वेतन से वसूली जायेगी। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नंद किशोर यादव, विधान सभा के उपाध्यक्ष अमरेन्द्र प्रताप सिंह, औरंगाबाद के सांसद सुशील सिंह, गंगा प्रसाद चौरसिया ने भी चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी निरंजन राम को विजयी बनाने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र पांडेय एवं संचालन लोजपा के जिलाध्यक्ष रामयश कुशवाहा ने किया। इस मौके पर भाजपा नेत्री निवेदिता सिंह, सुधाकर सिंह, युवा लोजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह गबडु , वैरिस्टर पासवान, संतोष सिंह, जिला लोक समता अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार कुशवाहा, राकेश तिवारी ,दुर्गेश चौबे, अवधेश मिश्रा, वीणा श्रीवास्तव, प्रेम प्रकाश पांडेय, ददन द्विवेदी, जिला युवा लोजपा अध्यक्ष गजेन्द्र गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button