राज्यराष्ट्रीय

जमशेदपुर के तीन हाईवे लुटेरे ओडिशा में गिरफ्तार

arrest logoजमशेदपुर : ओडिशा के बारीपदा में हाईवे पर ट्रकों को लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। यह गिरोह जमशेदपुर का है। इसमें कदमा, बारीडीह और आदित्यपुर के युवक शामिल हैं। ओडिशा पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो जमशेदपुर के हैं। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह ने ओडिशा में छह ट्रकों को लूटा है। साथ ही जमशेदपुर में भी कई वारदातों को अंजाम देने की आशंका है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के सदस्यों ने ओडिशा और झारखंड के अलावा बिहार में भी घटनाओं को अंजाम दिया है। बारीपदा पुलिस ने बुधवार को एक गिरोह का पर्दाफाश किया, जो हाईवे पर ट्रकों को लूटता था। गिरोह ने ओडिशा के रायरंगपुरके बिंदेश्वर निवासी प्रसाद राम का दस चक्का ट्रक लूट लिया था। ट्रक को लूटकर ये लोग भाग रहे थे। इसी बीच उन्हें बारीपदा में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। उनसे पूछताछ में पता चला कि गिरोह जमशेदपुर से संचालित होता है और इसमें दस सदस्य हैं। हाईवे पर ये लोग ट्रकों से घूमते हैं और मौका पाकर माल लदे ट्रकों को ही लूट लिया करते हैं।
गिरोह के इन सदस्यों की हुई गिरफ्तारी
दिलीप कुंभकार (बारीडीह), पुरुषोत्तम सिंह (कदमा), संजय सेन (आदित्यपुर), सपन कुमार मोहंता (पुरुलिया)। ओडिशा पुलिस द्वारा सभी युवकों की गिरफ्तारी की सूचना जमशेदपुर पुलिस को दी गयी है। जमशेदपुर में भी एनएच-33 पर ट्रकों के चोरी और लूट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस को आशंका है कि बारीपदा में पकड़ा गया हाईवे लुटेरों का गिरोह इस घटना को अंजाम दे सकता है। पुलिस की एक टीम रायरंगपुर जाकर जेल में बंद उन युवकों से पूछताछ कर सकती है। बारीडीह और कदमा में आरोपी युवक कहां रहते हैं? उसका पुलिस पता लगा रही है।

Related Articles

Back to top button