राष्ट्रीय

जम्मू में दो चौकियों को पाक ने बनाया निशाना

napakजम्मू। बीते 12 दिन में 14वीं बार संघर्षविराम उल्लंघन करते हुए पाकिस्तानी सैनिकों ने आज जम्मू सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दो सीमा चौकियों पर गोलीबारी की जिस पर भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी रेंजरों ने करीब एक बजे जम्मू जिले के आरएस पुरा उपसेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगी दो सीमा चौकियों पर बिना किसी उकसावे के अंधाधुंध गोलीबारी की। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दोनों सीमा चौकियों की निगरानी कर रहे बीएसएफ के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की जिसके फलस्वरूप वहां रूक रूक कर गोलीबारी होती रही। यह सिलसिला 5 बजे तक चला। पिछले 12 दिन में भारत पाक सीमा पर संघर्षविराम की 14वीं घटना और अगस्त माह में ऐसी 16वीं घटना है। पाकिस्तानी सैनिकों ने 20 अगस्त को पुंछ जिले के हमीरपुर उप सेक्टर और राजौरी के मंजाकोट उप सेक्टर की मंगलनार पट्टी में दो बार संघर्षविराम उल्लंघन किया था। 19 अगस्त को पाकिस्तानी सैनिकों ने दो बार संघर्षविराम उल्लंघन किया और पुंछ जिले के हमीरपुर उप सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सीमा चौकियों पर गोलीबारी की थी। 17 और 18 अगस्त की मध्य रात्रि को पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू जिले के आरएस पुरा तथा अरनिया उप सेक्टर में मोर्टार दागे और गोलीबारी की थी जिसमें एक ग्रामीण घायल हो गया था। पुंछ जिले के जम्मू में नियंत्रण रेखा पर हमीरपुर उप सेक्टर और नियंत्रण रेखा पर अरनिया उप सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों ने दो बार संघर्षविराम उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की थी। पाकिस्तानी सैनिकों ने 14 अगस्त को पुंछ जिले में भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की थी। उन्होंने पुंछ में बालाकोट और हमीरपुर सेक्टर में दो बार संघर्षविराम उल्लंघन किया। 13 अगस्त को पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास सीमा चौकियों पर संघर्षविराम उल्लंघन करते हुए पाक सैनिकों द्वारा की गई गोलीबारी में एक जवान घायल हो गया था। जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान ने संघर्षविराम उल्लंघन करते हुए पांच सीमा चौकियों पर गोलीबारी की थी। 11 अगस्त को जम्मू जिले के अरनिया और आरएस पुरा पट्टी में पाक सैनिकों ने संघर्षविराम उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की जिसमें दो बीएसएफ जवानों सहित चार लोग घायल हो गए थे। पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर 10 अगस्त को भी पाक सैनिकों ने संघर्षविराम उल्लंघन किया था।

Related Articles

Back to top button