उत्तर प्रदेश

जूनियर वर्ग में हांगकांग और सीनियर वर्ग में सिंगापुर चैम्पियन

पाँच दिवसीय ‘इण्डिया आईएमसी-2017’ पुरस्कार वितरण के साथ सम्पन्न

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, आर.डी.एस.ओ. कैम्पस द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय ‘इण्डिया इण्टरनेशनल मैथमेटिक्स कम्पटीशन (इण्डिया आईएमसी-2017)’ आज रंगारंग शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों एवं पुरस्कार वितरण के साथ सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में सम्पन्न हो गया। मुख्य अतिथि, श्रीमती मोनिका एस. गर्ग, आई.ए.एस., प्रमुख सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण, जल संसाधन एवं भूजल संरक्षण, उ.प्र. ने दीप प्रज्वलित कर समापन समारोह का उद्घाटन किया एवं विभिन्न देशों से पधारे विजयी प्रतिभागियों को पुरष्कृत कर सम्मानित किया। जूनियर वर्ग में हाँगकाँग, चीन की टीम ने चैम्पियनशिप जीतकर अपने मेधात्व का परचम लहराया जबकि थाईलैण्ड एवं उजबेकिस्तान की टीम को क्रमश प्रथम व द्वितीय रनर-अप का खिताब मिला। इसी प्रकार सीनियर वर्ग में सिंगापुर की टीम ने चैम्पियनशिप अर्जित की जबकि थाईलैण्ड व इण्डोनेशिया की टीमें क्रमशः प्रथम व द्वितीय रनर-अप रही। समापन समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि मोनिका एस. गर्ग ने कहा कि विश्व के बाल गणितज्ञों को एक मंच पर एकत्रित करने का सी.एम.एस. आर.डी.एस.ओ. कैम्पस का प्रयास अत्यन्त सराहनीय है। उन्होंने बाल गणितज्ञों से अपील की कि अपनी बुद्धि और ज्ञान की शक्ति को विधाता की देन समझें और इसे विश्व समाज की सेवा में लगायें जिससे मानव जाति निरन्तर प्रगति की ओर अग्रसर रहे।

समापन समारोह में सी.एम.एस. छात्रों ने देश-विदेश से पधारे अतिथियों के सम्मान में रंगारंग शिक्षात्मक साँस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर तजाकिस्तान से पधारे गणित विशेषज्ञ जुवैडुलोजोडा मुहिबुल्लो हबीबुल्लो एवं बुल्गारिया से पधारे गणित विशेषज्ञ श्री दिमितर दिमिट्रोव को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ स्कूल प्रार्थना ‘आई बियर विटनेस’ से हुआ। इसके पश्चात  सी.एम.एस. राजेन्द्र नगर तृतीय कैम्पस के छात्रों ने भांगड़ा नृत्य एवं पर्यावरण पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर  सभी को मंत्रमुग्ण कर दिया। कक्षा-6 एवं 7 के छात्रों द्वारा प्रस्तुत कव्वाली को भी सभी ने खूब सराहा। इस अवसर पर विजयी बाल गणितज्ञों को शील्ड, मैडल व सार्टिफिकेट आदि प्रदान कर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने मेधावी छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरन्तर प्रगति की ओर अग्रसर रहे, जिससे आगे आने वाली चुनौतियाँ बाधक न बनकर मील का पत्थर बनें।

इण्डिया आईएमसी-2017 की संयोजिका व सी.एम.एस. आर.डी.एस.ओ. कैम्पस की प्रधानाचार्या श्रीमती स्वप्ना मंशारमानी ने छात्रों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र विजयी हैं क्योंकि सभी ने यहां आकर कुछ न कुछ नया सीखा है। इस अवसर पर सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. (श्रीमती) भारती गाँधी, डायरेक्टर ऑफ स्ट्रेटजी, श्री रोशन गाँधी फॉरूही एवं सी.एम.एस. के क्वालिटी अश्योरेन्स विभाग की हेड श्रीमती सुष्मिता बासु ने भी प्रतिभागी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इण्डिया आईएमसी-2017 के अन्तिम दिन आज आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेन्स में सी.एम.एस. के संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी इस आयोजन की उपलब्धियों पर पत्रकारों चर्चा की। डा. गाँधी ने कहा कि इस आयोजन से साबित कर दिया है कि अच्छे कार्य के नतीजे भी अच्छे ही होते हैं, यही जीवन का गणित है। गणित विषय मानव जाति की एकता का जितना प्रभावशाली माध्यम है उतना शायद और कोई विषय नहीं क्योंकि गणित एक ऐसा विषय है जो किसी भेदभाव, ऊँचनीच को नहीं मानता। डा. गाँधी ने कहा कि यह समारोह बच्चों के मन-मस्तिष्क से गणित का डर निकालने में कामयाब रहा है। गणित कोई हौव्वा विषय नहीं है अपितु यह हमें सिखाता है कि चुनौतियों से घबराएं नहीं अपितु निरन्तर अभ्यास से इन चुनौतियों का सामना करें। 

Related Articles

Back to top button