फीचर्डराष्ट्रीयलखनऊ

जेटली ने किया देश को अपमानित- अखिलेश यादव

Akhilesh_Yadavलखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केन्द्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली द्वारा दिल्ली के ‘निर्भया’ कांड को कथित तौर पर छोटा मामला बताये जाने को देश को अपमानित करने का कदम करार दिया और आज कहा कि उस वारदात का पर्यटन पर कोई असर नहीं पड़ा। मुख्यमंत्री ने यहां किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा ‘‘देश के एक बड़े मंत्री ने अभी कुछ कहा है-.दिल्ली के निर्भया कांड को छोटा बताया है। इससे देश अपमानित हुआ है।’’ उन्होंने जेटली पर कटाक्ष करते हुए कहा ‘‘एक मंत्री ने कहा कि उस घटना (निर्भया कांड) से देश के पर्यटन पर असर पड़ा है लेकिन आगरा में टूरिज्म पर तो कोई फर्क नहीं पड़ा।’’ अखिलेश ने तंज भरे अंदाज में कहा ‘‘लोग समझते हैं कि ताजमहल भारत में है, उत्तर प्रदेश में नहीं।’’ बदायूं में गत मई में दो लड़कियों की कथित तौर पर बलात्कार के बाद हत्या के मामले को लेकर मीडिया की भूमिका की कड़ी आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘मीडिया ने बदायूं कांड को लेकर दो महीने बरबाद किये। उसका संज्ञान अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र ने भी लिया लेकिन जो दिखाया गया, वह झूठा निकला।’’ उन्होंने कहा ‘‘अखिलेश यादव को ट्विटर पर सबसे ज्यादा सर्च किया गया। मैंने पूछा कि वजह क्या है, तो बताया गया कि बदायूं कांड के कारण–लेकिन मैं कह सकता हूं कि आपके झूठे प्रचार से उत्तर प्रदेश के पर्यटन पर कोई फर्क नहीं पड़ा।’’ अखिलेश ने मीडिया को नसीहत दी ‘‘आप क्या दिखा रहे हैं उससे क्या संदेश जा रहा है इस पर सोचना पड़ेगा। संवाद होना चाहिये लेकिन जरूरत से ज्यादा संवाद भी नुकसान देता है।’’

Related Articles

Back to top button