करिअर

रेलवे असिस्टेंट लोको पायलट भर्ती में 3500 पद बढ़े, अब 14,627 वैकेंसी पर होगी भर्ती

पटना: रेलवे में नौकरी का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत की खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने असिस्टेंट लोको पायलट (एएलपी) भर्ती में 3500 पदों की बढ़ोतरी की है। पहले रेलवे ने 11,127 पदों के लिए केंद्रीयकृत रोजगार सूचना जारी की थी। पदों की समीक्षा के बाद सक्षम प्राधिकारी ने 3500 अतिरिक्त पद जोड़ने का फैसला किया है। अब इस भर्ती में कुल 14,627 रिक्तियां हो गई हैं।

आरआरबी पटना पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) के अंतर्गत आता है और यहां भी रिक्तियों की संख्या बढ़ाई गई है। सीटों में हुई इस बढ़ोतरी से बिहार के अभ्यर्थियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

बिहार से आरआरबी की परीक्षाओं में 10 लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन करते हैं। बिहार के उम्मीदवार देश के अलग-अलग रेलवे भर्ती बोर्ड के लिए भी आवेदन करते हैं।

सात जोन में बढ़ाई गईं रिक्तियां

रेलवे भर्ती बोर्ड के आदेश में अतिरिक्त पदों का जोनवार ब्योरा भी जारी किया गया है। इसके तहत पूर्व तट रेलवे को 450, पूर्व मध्य रेलवे को 500, दक्षिण मध्य रेलवे को 700, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को 200, दक्षिण पूर्व रेलवे को 790, मेट्रो रेलवे को 360 और पश्चिम रेलवे को 500 अतिरिक्त पद दिए गए हैं।

मेट्रो रेलवे का इंडेंट दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से रखा जाएगा। बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि अतिरिक्त इंडेंट तय समय सीमा के भीतर पोर्टल पर अपलोड किए जाएं।

कब तक पूरी होगी प्रक्रिया?

अतिरिक्त पदों से जुड़ी प्रक्रिया के लिए अलग-अलग स्तर पर तारीखें निर्धारित की गई हैं। इंडेंटिंग यूनिट की ओर से 30 सितंबर से 1 अक्टूबर तक, पीसीपीओ की ओर से 5 अक्टूबर तक, आरआरबी की ओर से 6 अक्टूबर तक और नोडल आरआरबी की ओर से 7 अक्टूबर तक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

अंतिम रिक्तियों का विस्तृत ब्योरा जल्द ही रेलवे भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button