करिअर

दिल्ली पुलिस और CAPF में SI की 1871 भर्ती, आज आखिरी मौका; आवेदन से पहले जान लें ये 5 बड़े बदलाव

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) में सब इंस्पेक्टर के 1871 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने की आज आखिरी तारीख है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। दिल्ली पुलिस में एसआई पुरुष के 205, एसआई महिला के 112 और सीएपीएफ में 1320 पद हैं। इसके अलावा CISF में सब इंस्पेक्टर फायर के 234 पदों पर भर्ती की जाएगी।

ऑनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 1 अक्टूबर 2026 है। आवेदन में गलती सुधारने के लिए 8 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक मौका दिया जाएगा। पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी।

इस बार भर्ती में पिछले वर्षों की तुलना में वैकेंसी कम हुई है। पहले जहां कुल पदों की संख्या 3000 से 4000 के बीच रहती थी, वहीं इस बार यह संख्या करीब 1870 रह गई है।

इस बार भर्ती प्रक्रिया में हुए 5 बड़े बदलाव

1. वैकेंसी में बड़ी कमी

इस बार कुल संभावित रिक्तियां घटकर करीब 1870 रह गई हैं। पिछले वर्षों में यह संख्या 3000 से 4000 के बीच रहती थी।

2. पेपर-I का पैटर्न बदला

पेपर-I में इस बार बड़ा बदलाव किया गया है। पिछले वर्ष तक इसमें 200 प्रश्न होते थे, जो कुल 200 अंकों के थे और परीक्षा के लिए 2 घंटे का समय मिलता था।

2026 की भर्ती में प्रश्नों की संख्या घटाकर 100 कर दी गई है। पेपर-I अब 100 अंकों का होगा। इसमें रीजनिंग, सामान्य ज्ञान, गणित और अंग्रेजी से 25-25 प्रश्न होंगे।

परीक्षा का समय भी 2 घंटे से घटाकर 1 घंटा कर दिया गया है। प्रत्येक खंड के लिए 15 मिनट का सेक्शनल टाइमर रहेगा।

3. पेपर-II में भी बड़ा बदलाव

पहले पेपर-II में अंग्रेजी भाषा और कॉम्प्रिहेंशन का टेस्ट होता था। इसमें 200 प्रश्न और 200 अंक होते थे तथा परीक्षा के लिए 2 घंटे का समय दिया जाता था।

अब 2026 में पेपर-II में चार विषय शामिल किए गए हैं। रीजनिंग से 20 प्रश्न और 40 अंक, सामान्य ज्ञान से 20 प्रश्न और 40 अंक, गणित से 20 प्रश्न और 40 अंक तथा अंग्रेजी से 40 प्रश्न और 80 अंक होंगे।

कुल 100 प्रश्न होंगे और पेपर 200 अंकों का रहेगा। परीक्षा का समय घटाकर 1 घंटा कर दिया गया है।

4. नेगेटिव मार्किंग का नियम बदला

पहले पेपर-I और पेपर-II दोनों में प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जाते थे। अब पेपर-I में गलत उत्तर के लिए 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग रहेगी, जबकि पेपर-II में प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.50 अंक काटे जाएंगे।

5. CISF SI फायर का नया पद शामिल

इस बार SSC CPO भर्ती में CISF सब इंस्पेक्टर फायर का नया पद जोड़ा गया है। इसके तहत 234 पदों पर भर्ती होगी। इस पद के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग निर्धारित की गई है।

शैक्षणिक योग्यता क्या होनी चाहिए?

दिल्ली पुलिस और CAPF में सब इंस्पेक्टर पदों के लिए 30 सितंबर 2026 तक किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना जरूरी है।

CISF सब इंस्पेक्टर फायर पद के लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स यानी PCM के साथ विज्ञान में स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा 10वीं पास उम्मीदवार मैकेनिकल, सिविल, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, केमिकल, माइनिंग, एयरोनॉटिकल या टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में 3 साल का डिप्लोमा होने पर भी पात्र होंगे।

दिल्ली पुलिस SI के पुरुष उम्मीदवारों के लिए शारीरिक परीक्षण (PET/PST) की तारीख तक हल्के मोटर वाहन यानी मोटरसाइकिल और कार चलाने का वैध लाइसेंस होना अनिवार्य है।

आयु सीमा कितनी है?

सामान्य SI पदों के लिए उम्मीदवार की उम्र 1 अगस्त 2026 को 20 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार का जन्म 2 अगस्त 2001 से 1 अगस्त 2006 के बीच होना चाहिए।

CISF SI फायर पद के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष रखी गई है। इस पद के लिए जन्म 2 अगस्त 1996 से 1 अगस्त 2008 के बीच होना चाहिए।

आयु सीमा में एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को 5 वर्ष तथा ओबीसी उम्मीदवारों को 3 वर्ष की छूट दी गई है।

Related Articles

Back to top button