जेल में अचानक बेहोश होकर गिरे इमरान खान के करीबी शाह महमूद कुरैशी, हाथ और घुटने में चोट; अस्पताल में 24 घंटे निगरानी

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री और इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी की जेल में अचानक तबीयत बिगड़ गई। चक्कर आने के बाद वह अपनी बैरक में बेहोश होकर गिर पड़े। इस दौरान उनके हाथ और घुटने में चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने फिलहाल उन्हें 24 घंटे निगरानी में रखने का फैसला किया है।
जेल अधिकारी के मुताबिक, सोमवार को कुरैशी लाहौर की कोट लखपत जेल में अपनी बैरक के भीतर टहल रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वह फर्श पर गिर पड़े। गिरने से उनके हाथ और घुटने में गंभीर चोटें आईं।
डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे कुरैशी
कुरैशी के वकील राणा मुदस्सर उमर ने बताया कि बेहोश होकर गिरने के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर उनकी सेहत पर नजर रख रहे हैं और फिलहाल 24 घंटे तक निगरानी में रखने का निर्णय लिया गया है। इसके बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन कर तय किया जाएगा कि उन्हें अस्पताल में ही रखा जाए या वापस जेल भेजा जाए।
अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं पूर्व विदेश मंत्री
शाह महमूद कुरैशी अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। उन पर पाकिस्तान में 9 मई 2023 को हुई हिंसा से जुड़े कई मामलों में आरोप हैं। उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद बेटी मेहर बानो ने पिता के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है और सरकार की आलोचना की है।
मेहर बानो ने कहा कि करीब साढ़े तीन साल पहले एक स्वस्थ और मजबूत इरादों वाले व्यक्ति को झूठे मामलों में जेल भेज दिया गया था। उनके मुताबिक, कुरैशी ने साइफर मामले में कानूनी लड़ाई पूरी हिम्मत से लड़ी और अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
बेटी ने जमानत और न्याय को लेकर उठाए सवाल
मेहर बानो का दावा है कि उनके पिता को अदालत से कई बार राहत मिल चुकी है, लेकिन सरकार की कथित बदनीयती के कारण वह अब भी जेल में हैं। उन्होंने कहा कि 90 से अधिक बार जमानत याचिकाओं पर सुनवाई हो चुकी है, लेकिन अब तक जरूरी रिकॉर्ड अदालत में पेश नहीं किया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि शाह महमूद कुरैशी ने अपने जीवन के चार दशक से अधिक समय पाकिस्तान की सेवा में बिताया है। वह दो बार देश के विदेश मंत्री रह चुके हैं और PTI के उपाध्यक्ष के तौर पर संविधान तथा लोकतंत्र के लिए संघर्ष करते रहे हैं। मेहर बानो ने अपने पिता को न्याय और आजादी दिए जाने की मांग की है।



