State News- राज्य

तीन दत्तक बेटियां कल लेंगी सात फेरे, मुख्यमंत्री शिवराज सपत्नीक करेंगे कन्यादान

भोपाल। बचपन में जिनके सिर पर हाथ रखकर मां की ममता, पिता का प्यार दिया। अंगुली पकड़कर जिन्हें चलना सिखाया। पढ़ा-लिखाकर जीवन जीने लायक बनाया। अब उनके लिए अच्छा वर तय करके मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी तीन दत्तक बेटियों का घर बसाने जा रहे हैं। मध्यप्रदेश के विदिशा शहर के रंगई स्थित बाढ़ वाले गणेश मंदिर पर गुरुवार को शाम चार बजे मुख्यमंत्री की तीन दत्तक बेटियां सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरूआत करेंगी।

मुख्यमंत्री चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह अपनी तीनों बेटियों का खुद कन्यादान करेंगे। बुधवार को साधना सिंह विदिशा पहुंची और उन्होंने विवाह से पूर्व की रस्में निभाई। कोरोना महामारी को देखते हुए मुख्यमंत्री की बेटियों का विवाह एकदम सादे समारोह में होगा। इसमें सिर्फ 50 लोग शामिल होंगे। मुख्यमंत्री चौहान विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गुरुवार को सुबह बाढ़ वाले गणेश मंदिर पहुंचेंगे, जहां पर दोपहर 12 बजे से विवाह की रस्में शुरू होंगी। शाम चार बजे निर्धारित मुहूर्त पर सात फेरे होंगे।

मुख्यमंत्री की पत्नी साधना ¨सह इन तीनों बेटियों के विवाह में सगी मां की तरह सारी रस्में निभा रहीं हैं। पांच दिन पहले वे विदिशा आई थीं, तब उन्होंने बेटियों की गृहस्थी के लिए सामान की खरीदारी की थी। बुधवार को वे फिर विदिशा पहुंचीं। सबसे पहले बाढ़ वाले गणेश मंदिर में भगवान के दर्शन किए। इसके बाद वे मुखर्जी नगर स्थित सुंदर सेवा आश्रम पहुंचीं। जहां उन्होंने बेटियों के विवाह से पूर्व माता पूजन सहित अन्य रस्में निभाई।

Related Articles

Back to top button