मध्य प्रदेशराज्य

कूनो से चंबल नदी पार कर राजस्थान पहुंचा चीता, रणथंभौर के जंगलों में दिखी मौजूदगी, वन विभाग अलर्ट

श्योपुर/करौली: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से निकला एक चीता चंबल नदी पार कर राजस्थान के जंगलों में पहुंच गया है। KOMG-4 नाम के इस चीते ने 10 नवंबर को गोटा घाट के पास चंबल नदी पार की थी। इसके बाद अब उसकी मौजूदगी रणथंभौर क्षेत्र में दर्ज की गई है। चीते के राजस्थान पहुंचने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं और उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

रणथंभौर नेशनल पार्क के उप वन संरक्षक मानस सिंह के मुताबिक, चीता करनपुर रेंज के महाराजपुरा नाका से राजस्थान की सीमा में दाखिल हुआ है। उसकी ताजा लोकेशन महाराजपुरा नाका के नजदीक कनरदा इलाके में दर्ज की गई है। यह क्षेत्र सवाई माधोपुर जिले की सीमा के पास स्थित है, हालांकि फिलहाल चीता करौली जिले की सीमा में ही मौजूद है।

मध्य प्रदेश और राजस्थान की टीमें मिलकर कर रहीं निगरानी

चीते की लगातार बदलती लोकेशन को देखते हुए मध्य प्रदेश और राजस्थान के वन विभाग ने आपसी समन्वय से निगरानी शुरू कर दी है। दोनों राज्यों की टीमें उसकी गतिविधियों और आवाजाही पर नजर रख रही हैं। अधिकारियों का प्रयास है कि चीते की लोकेशन पर लगातार नजर बनी रहे, ताकि उसकी गतिविधियों की जानकारी मिलती रहे।

गोटा घाट के पास चंबल नदी पार कर पहुंचा राजस्थान

चंबल नदी मध्य प्रदेश और राजस्थान के बीच प्राकृतिक सीमा का काम करती है। KOMG-4 ने इसी नदी को पार कर दूसरे राज्य के जंगलों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। वन अधिकारियों के मुताबिक, वन्यजीवों का इस तरह एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में जाना उनके प्राकृतिक फैलाव और आवास क्षेत्र के विस्तार की प्रक्रिया का हिस्सा है।

पहले भी राजस्थान के जंगलों में पहुंच चुके हैं कूनो के चीते

कूनो नेशनल पार्क से राजस्थान पहुंचने वाला यह पहला चीता नहीं है। इससे पहले भी कई बार कूनो के चीतों की राजस्थान के अलग-अलग वन क्षेत्रों में मौजूदगी दर्ज की जा चुकी है। इस साल 14 फरवरी से 16 अप्रैल के बीच भी राजस्थान में चीतों की गतिविधियां सामने आई थीं।

14 फरवरी को चीता KP-2 बारां जिले के किशनगंज वन क्षेत्र में पहुंचा था। इसके बाद 2 मार्च को KP-3 को बारां के बांझ अमली इलाके में देखा गया था। वहीं, KP-2 ने करीब 45 दिन बारां जिले में बिताने के बाद 19 मार्च को कोटा की ओर रुख किया था। बाद में 16 अप्रैल को उसकी मौजूदगी सवाई माधोपुर के पालिघाट-अजीतपुरा क्षेत्र में भी दर्ज की गई थी।

अब KOMG-4 के राजस्थान पहुंचने के बाद एक बार फिर दोनों राज्यों के वन विभाग की निगरानी बढ़ गई है। अधिकारी उसकी आवाजाही पर नजर बनाए हुए हैं।

Related Articles

Back to top button