उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्य

अखिलेश यादव का BJP पर हमला- ‘नोटबंदी भ्रष्टाचार का महासागर’, बोले- सांसदों के गोद लिए गांव आज अनाथ

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नोटबंदी के दौरान जन्मे बच्चे खजांची का 10वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उन्होंने केंद्र की बीजेपी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले पर तीखा हमला बोला। अखिलेश ने नोटबंदी को भ्रष्टाचार का महासागर बताते हुए आरोप लगाया कि इससे छोटे दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ और कई कारखाने आज तक इस झटके से उबर नहीं पाए हैं। उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी को खजांची को गोद लेना चाहिए, जैसे उसके सांसदों ने गांवों को गोद लिया था, लेकिन आज वे गांव अनाथ हो चुके हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि खजांची की पढ़ाई-लिखाई और उसकी जरूरतों का इंतजाम समाजवादी पार्टी कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की बात करने वाली बीजेपी एक छोटे बच्चे का जन्मदिन तक नहीं मना सकी। उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी शुरुआत से ही खजांची का जन्मदिन मनाती आ रही है।

‘गोद लेने के बाद गांवों को छोड़ दिया अनाथ’

खजांची के जन्मदिन के कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने बीजेपी सांसदों की ओर से गांवों को गोद लेने की योजना पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी को खजांची को गोद लेना चाहिए, लेकिन पार्टी ने आज तक ऐसा नहीं किया। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी के सांसदों ने जिन गांवों को गोद लिया था, उन्हें बाद में अनाज की तरह छोड़ दिया।

इस दौरान अखिलेश ने धनतेरस, दिवाली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज का जिक्र करते हुए कहा कि इन त्योहारों के दौरान लोगों से मिलने का मौका मिल रहा है। उन्होंने मौलाना अबुल कलाम आजाद को भी याद किया और कहा कि देश के विभाजन के दौर में ऐसे नेता थे, जो भारत का बंटवारा नहीं चाहते थे। अबुल कलाम आजाद उन्हीं नेताओं में शामिल थे।

नोटबंदी को बताया छोटे कारोबारियों के लिए नुकसानदेह

नोटबंदी पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी का एक दशक नाकामियों से भरा रहा है। उन्होंने दावा किया कि नोटबंदी से किसी को फायदा नहीं हुआ, बल्कि छोटे दुकानदारों और कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ा। उनके मुताबिक, इस फैसले का असर धीरे-धीरे सामने आया और कई उद्योग अब तक उससे उबर नहीं पाए हैं।

अखिलेश ने अमेरिका का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एक समय लोगों का बैंकों से भरोसा उठ गया था और वे अपना पैसा छिपाकर रखने लगे थे। उस दौरान राष्ट्रपति ने लोगों से पैसा बैंकों में जमा करने की अपील की, ताकि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके। लोगों ने भरोसा जताया और बैंकों में पैसा जमा कराया। इसके उलट भारत में नोटबंदी का फैसला लिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारत में नोटबंदी ने बैंकिंग व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया। अखिलेश के शब्दों में, यह फैसला भ्रष्टाचार का महासागर साबित हुआ और स्लो पॉइजन की तरह अर्थव्यवस्था पर असर डालता रहा। उन्होंने दावा किया कि नोटबंदी के बाद नकदी का चलन घटने के बजाय 70 प्रतिशत बढ़ गया। साथ ही आरोप लगाया कि इस फैसले के बाद बैंक बंद हुए और कुछ बैंकों को बेचना भी पड़ा।

अयोध्या दीपोत्सव में सरसों के तेल को लेकर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने अयोध्या के दीपोत्सव में दीयों में इस्तेमाल होने वाले सरसों के तेल को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई बचा हुआ सरसों का तेल ले जा रहा है तो उसे अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया जा रहा है।

SIR में 1.27 करोड़ नाम कटने के दावे पर सरकार को घेरा

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने के दावे को लेकर भी सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी पर निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि यदि सरकार को लगता है कि इतने बड़े पैमाने पर वोट कटे हैं तो समाजवादी पार्टी की ओर से पहले दिए गए सुझावों पर अमल किया जाना चाहिए।

उन्होंने सुझाव दिया कि वोटर कार्ड को आधार से जोड़ा जाए और मतदाताओं का बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जाए। इसके लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी कंपनियों की मदद भी ली जा सकती है।

‘लड़ाई अब 80 और 20 की नहीं, 95 और 5 की है’

अखिलेश यादव ने राजनीतिक समीकरणों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अब लड़ाई 80 और 20 की नहीं, बल्कि 95 और 5 की है। उन्होंने दावा किया कि यदि मुकाबला 95 और 5 का होगा तो बीजेपी के लोगों का पता नहीं चलेगा कि वे कहां चले गए।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर भी हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के मामलों की जानकारी रखती है, लेकिन साढ़े 17 हजार करोड़ रुपये के ठेकों में कथित भ्रष्टाचार पर कुछ नहीं बोल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार इस मुद्दे पर चुप क्यों है।

Related Articles

Back to top button