मोहन यादव का बड़ा बयान- अयोध्या में श्रीराम के बाद अब मथुरा में श्रीकृष्ण भी मुस्कुराएंगे, जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की जताई उम्मीद

वाराणसी: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनने के बाद भगवान श्रीराम मुस्कुरा रहे हैं, उसी तरह एक दिन मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर बनेगा और भगवान श्रीकृष्ण भी मुस्कुराएंगे। उन्होंने भगवान कृष्ण को लोकतंत्र का नायक बताते हुए कहा कि उनका जीवन अद्भुत है और जो निडर है, वही कृष्ण है।
मोहन यादव मंगलवार को वाराणसी के नमो घाट पर अखिल भारतीय गोवर्धन पूजा समिति की ओर से आयोजित गोवर्धन पूजनोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि गोवर्धनधारी भगवान श्रीकृष्ण सत्य की लड़ाई के लिए जाने जाते हैं। उनके जीवन से साहस और अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा मिलती है।
मध्य प्रदेश में कृष्ण लीला स्थली विकसित करने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश में भी भगवान श्रीकृष्ण की लीला स्थली बनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने प्रदेश में गोवंश संरक्षण और दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए उठाए जा रहे कदमों का भी जिक्र किया। मोहन यादव ने कहा कि राज्य में कांजी हाउस बंद कराए गए हैं और गोशालाएं खोली जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि गाय का पालन करने वाले गोपाल कहलाते हैं। प्रदेश सरकार दूध उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है और नमो घाट इसका उदाहरण है।
गोवर्धन पूजा को बताया सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के खेलकूद राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव ने गोवर्धन पूजा को सनातन धर्म का महत्वपूर्ण पर्व बताया। उन्होंने कहा कि जहां गौ का वास होता है, वहां लक्ष्मी विराजमान रहती हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने अपने जीवन में अहंकार का अंत किया और हमेशा अत्याचार का विरोध किया।
पूर्व सांसद और कारगिल युद्ध के वीर ने भी रखे विचार
पूर्व सांसद डीपी यादव ने इस आयोजन को ऐतिहासिक पल बताते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का कुछ लोगों ने गलत आकलन किया है और ऐसी सोच उचित नहीं है। उन्होंने बहादुरी के इतिहास को अपनी पहचान बताते हुए कहा कि हम बहादुर लोग हैं और कभी पीठ नहीं दिखाते। वहीं, परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव ने कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के दौरान अपने अदम्य साहस और शौर्य का अनुभव साझा किया।



