झारखण्डराज्य

धनबाद में पेट्रोल पंप से दो लाख रुपए की लूट

घटना की सूचना के बाद पेट्रोल पंप पर मामले की जांच करती पुलिस। - Dainik Bhaskar

कतरास थाना से करीब 100 मीटर दूर सिनेमा रोड स्थित श्रीराम फ्यूल्स पेट्रोल पंप से देर रात 6 बदमाशों ने दो लाख रुपए की लूट को अंजाम दिया। घटना रविवार देर रात की है। पंप पर पहुंचे बदमाशों में से दो ने स्टाफ से पिता को अस्पताल ले जाने की बात कह कार में पेट्रोल डालने का आग्रह किया। जैसे ही पेट्रोल पंप के स्टाफ ने गेट खोला, दोनों बदमाशों ने दो स्टाफ को चाकू दिखा कर बंधक बना लिया। इसी दौरान चार और बदमाश आ गए और कैश लूट लिया। जाते वक्त वो पंप में लगे CCTV का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस पीड़ित पेट्रोल पंप स्टाफ दयानंद महतो, आनंद महतो और प्रबंधक सोमनाथ बाउरी को थाना लाकर पूछताछ कर रही है।

स्टाफ ने बताया कि देर रात सफेद रंग की कार पंप पर आई। कार से दो युवक बाहर आए और पंप के कमरे के फाटक के पास आकर दरवाजे पर दस्तक दी। दोनों युवकों ने स्टाफ को दो लीटर पेट्रोल भरने को कहा। उन्होंने स्टाफ से कहा कि उनके पिता बीमार हैं और अस्पताल जाना है। जल्दी पेट्रोल भर दें।

जैसे ही फाटक का दरवाजा खोला, वैसे ही दोनों युवक धक्का देकर कमरे के अंदर आ गए। इसके बाद चाकू दिखा उनके साथ मारपीट की। दोनों स्टाफ के हाथ-पांव रस्सी से बांध दिया और कंप्यूटर को क्षतिग्रस्त कर दिया। कुछ देर में चार और बदमाश आ गए और लूट को अंजाम दिया। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित स्टाफ ने मैनेजर को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

 

Related Articles

Back to top button