उत्तर प्रदेश

निबन्ध लेखन प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार सी.एम.एस. छात्रा को

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज (प्रथम कैम्पस) की कक्षा-6 की मेधावी छात्रा वसुन्धरा ने अन्तर-विद्यालयी निबन्ध लेखन प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार अर्जित कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। यह प्रतियोगिता सेलो कम्पनी के तत्वावधान में सम्पन्न हुई, जिसमें कई प्रतिष्ठिति विद्यालयों के छात्रों ने प्रतिभाग किया। यह जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने दी है। श्री शर्मा ने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वसुन्धरा ने ‘आईडिया ऑफ ए बेटर इण्डिया एण्ड हाऊ कैन यू मेक इट हैपेन’ विषय पर रचनात्मक व सारगर्भित लेखन की छाप छोड़ी एवं विश्वव्यापी दृष्टिकोण का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सी.एम.एस. अलीगंज (प्रथम कैम्पस) की इस प्रतिभाशाली छात्रा ने अपने लेखन द्वारा यह संदेश दिया कि आपसी सहयोग एवं प्रकृति प्रदत्त संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग से इस धरती पर स्वर्ग का अवतरण किया जा सकता है। प्रतियोगिता के आयोजकों ने वसुन्धरा के रचनात्मक विचारों की प्रशंसा करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया एवं उसके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. छात्र न सिर्फ शैक्षिक क्षेत्र में अपितु समाज के अन्य बहुतेरे क्षेत्रों में भी विद्यालय का नाम राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं क्योंकि सी.एम.एस. अपने छात्रों के बौद्धिक विकास के साथ उन्हें सामाजिक गतिविधियों एवं रचनात्मक कार्यों के लिए विशेष रूप से प्रेरित करता है। यही कारण है कि सी.एम.एस. छात्र सदैव ही विभिन्न रचनात्मक एवं सृजनात्मक प्रतियोगिताओं में अपनी बहुमुखी प्रतिभा की छाप छोड़कर विद्यालय का गौरव बढ़ा रहे हैं।

 

Related Articles

Back to top button