बिहारराज्य

नीतीश कुमार ने 5 जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया हवाई सर्वेक्षण

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के पश्चिम चम्पारण, पूर्वी चम्पारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी एवं शिवहर जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। नीतीश कुमार ने हवाई सर्वेक्षण से लौटने के बाद पटना में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस बार शुरु से ही अधिक वर्षापात के कारण कई जगह बाढ़ की स्थिति पैदा हो गयी है। बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेने के लिए आज पांच जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया है। बुधवार को तीन बाढ़ग्रस्त जिलों का और जायजा लेंगे। सर्वेक्षण के दौरान नदियों की वर्तमान स्थिति का भी जायजा लिया है। सरकार की प्राथमिकता में यह काम सबसे ऊपर है।

नीतीश कुमार ने केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार में जनता दल यूनाईटेड की भागीदारी को लेकर पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा, ‘‘ मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। मैंने राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद पहले ही छोड़ दिया है और अब राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेवारी आरसीपी सिंह संभाल रहे हैं। इसके संबंध में वही विस्तृत रुप से बता पाएंगे, इसके लिए वही अधिकृत हैं। मंत्रिमंडल विस्तार माननीय प्रधानमंत्री जी का विशेषाधिकार है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले के दो कार्यकाल में ‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम का आयोजन होता रहा था। वर्ष 2016 में लोक सेवा का अधिकार कानून लागू होने के बाद इसे बंद कर दिया गया। साल 2020 के विधानसभा चुनाव के बाद ऐलान किया था कि फिर से यह कार्यक्रम शुरु किया जाएगा। कोरोना के कारण अभी तक इसे शुरु नहीं किया जा सका था। आने वाले सोमवार से इसकी शुरुआत की जाएगी। पहले जिस प्रकार यह कार्यक्रम होता रहा है उसी प्रकार प्रत्येक महीने में तीन सोमवार को यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button